प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व में देश का गौरव बढ़ायाः महेन्द्र सिंह

इंदौर, 14 मार्च (हि.स.)। भारत हमेशा से ही विश्व गुरु रहा है। जब विदेश में किसी को पढ़ना-लिखना भी नहीं आता था तब हमारे देश ने शून्य दिया था, साथ ही ग्रह नक्षत्र की जानकारी भी हमारे देश ने ही विश्व को दी है। यहां तक की सूर्य की वास्तविक दूरी की गणना भी हमारे देश के ऋषि मुनियों द्वारा सैकड़ो वर्ष पूर्व की गई एवं चार महान वेदों की रचना भी भारत देश में हुई। भारत की संस्कृति विश्व में सर्वश्रेष्ठ है, 124 साल पहले स्वामी विवेकानंद शिकागो पहुंचे थे और सभी को भारतीय संस्कृति से अवगत कराया और मंत्र मुग्ध कर दिया था वैसे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज विश्व में देश का गौरव बढ़ाया है।

यह बात भाजपा के मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ.महेंद्र सिंह ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में इंदौर की लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है वहीं आज अमेरिका सहित जर्मनी, जापान एवं अरब देश पलक पांवड़े बिछाकर प्रधानमंत्री जी का स्वागत करते हैं।

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में इंदौर के सैकड़ों बूथों पर पराजय का सामना करना पड़ा था, उन बूथों के साथ ही समस्त बूथों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो तीन बातें राष्ट्रीय परिषद बैठक में कही थीं, उन्हें बूथों तक पहुंचना है और विजय श्री प्राप्त करना है। जिसमें बूथ समितियां की बैठक लेना, बूथ पर निवासरत लाभार्थियों का सम्मेलन करना एवं सभी मतदाताओं तक मोदी का प्रणाम पहुंचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर