म.प्र.: भाजपा में शामिल हुए इंदौर और जबलपुर के कांग्रेस नेता

भोपाल, 14 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस नेताओं द्वारा पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह के समक्ष इंदौर और जबलपुर के अनेक कांग्रेस नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।

कांग्रेस के जबलपुर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भारत सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कामता प्रसाद पटेल सहित 20 से अधिक नेताओं एवं इंदौर के जैन समाज के युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महावीर जैन, इंदौर शहर कांग्रेस सचिव आशीष हिन्दूजा, कांग्रेस के वन पर्यावरण प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महामंत्री गगन सांखला, कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा एवं पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे।

रोज बढ़ रहा है प्रधानमंत्री मोदी जी का परिवार: डॉ. मोहन यादव

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की विकासोन्मुखी नीतियों से प्रभावित होकर लगातार लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं और राहुल गांधी की यात्रा के बाद मोदी जी का परिवार बढ़ रहा है। हम सभी पार्टी में नए-नए सदस्यों को जोड़कर पार्टी को और मजबूत कर रहे हैं।

हम गरीब कल्याण एवं विकास की राजनीति कर रहे: विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीब कल्याण एवं विकास की राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में रोज विकास के नए आयाम लिखे जा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि हर बूथ मोदी बूथ और हर बूथ 370 से ज्यादा वोट के लक्ष्य के साथ पार्टी का ‘बूथ विजय अभियान’ प्रांरभ हो चुका है, यह अभियान 22 मार्च तक चलेगा। प्रदेश के सभी 64 हजार 523 बूथों पर पार्टी के कार्यकर्ता प्रचंड मतों से जीत दिलाने के लिए जुट गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे

   

सम्बंधित खबर