लोकसभा चुनाव पर वॉर रूम से पैनी नजर रखेगी उत्तराखंड कांग्रेस

- कांग्रेस ने कम्यूनिकेशन व लीगल टीम का किया गठन

देहरादून,15 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत कांग्रेस ने कम्यूनिकेशन व लीगल टीम का गठन किया है। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने सुचारू रूप से चुनाव संचालित करने के लिए वॉर रूम से पैनी नजर रखने की योजना बनाई है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस वॉर रूम के चेयरमैन नवीन जोशी ने दी है।

शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की एक बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस वॉर रूम के चेयरमैन नवीन जोशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हम सबको कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करना होगा। लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए दिन-रात वॉर रूम कार्यरत रहेगा। भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रकार के क्रियाकलापों पर वॉर रूम की पैनी नजर रहेगी। उसके लिए वॉर रूम ने पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर कार्य करते हुए अपने सभी लोकसभा डेस्क हेड एवं कोऑर्डिनेटर को जिम्मेदारी सौंपी है।

बूथ स्तर पर लीड बीएलए से करेंगे संवाद

जोशी ने भारतीय जनता पार्टी को करारा जवाब देने के लिए चुनाव में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वॉर रूम के सभी पदाधिकारी सीधे तौर पर बूथ स्तर पर लीड बीएलए से संवाद स्थापित करेंगे, ताकि चुनाव मजबूती से लड़ा जा सके।

चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस

जोशी ने कहा कि अग्निवीर, महंगाई, बेरोजगारी जैसी नीतियों से युवाओं और जनता को जो क्षति हुई है, उसे उजागर करते हुए उस पर काम करेंगे। इसके लिए वॉर रूम के जरिए प्रत्येक लोकसभा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है और कांग्रेस मजबूती से चुनाव मैदान में उतर गयी है। इस दौरान गोपाल सिंह गडिया, आशीष नौटियाल, सुनील थपलियाल, वीरेंद्र पंवार, विनय कुमार, विनीता गुप्ता, सुरेश आर्य आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण

   

सम्बंधित खबर