कांग्रेस के कारण विपक्षी गठबंधन का सत्यानाश: आप

डिब्रूगढ़ (असम), 16 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा के कारण कांग्रेस पार्टी का सत्यानाश तो हुआ ही अब यूनाइटेड अपोजिशन फोरम का भी सत्यानाश हो चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा गठबंधन के सभी नियमों को ताक पर रखते हुए राज्य की 14 में से 13 सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार खड़े कर दिए गए।

विपक्षी गठबंधन के प्रमुख तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा लगातार गठबंधन के सहयोगी दलों को अंधेरे में रखते रहे। गठबंधन के नाम पर व्यक्तिगत स्वार्थ छोड़ने की बात कहने वाले कांग्रेस अध्यक्ष ने आखिरकार विश्वासघात किया।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज धनवार आज यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं 2 वर्ष पहले तक कांग्रेस में थे। लेकिन, भूपेन बोरा की नीतियों के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के कारण ही इस चुनाव के मौके पर पार्टी के दो कार्यकारी अध्यक्षों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिए।

आप नेता ने कहा कि दिल्ली समेत अन्य सभी राज्यों में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को आवश्यकता से अधिक सीटें दी। दिल्ली विधानसभा में कांग्रेस के एक भी सदस्य नहीं हैं बावजूद इसके दिल्ली में कांग्रेस को तीन सीटें दी गई। लेकिन, कांग्रेस ने यहां हमारे साथ धोखा किया। समझौते के अनुसार आम आदमी पार्टी को असम में तीन सीटें मिलनी चाहिए थी। उसमें से भी एक गुवाहाटी सीट पार्टी ने छोड़ दिए। बावजूद इसके कांग्रेस पार्टी ने गठबंधन को ठेंगा दिखा दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में वे और उनकी पार्टी लोगों को बताएगी कि कांग्रेस और इसके नेता किस तरह धोखाधड़ी कर रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए आप अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता पर कई आरोप लगाए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर