पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विपक्ष का सूपड़ा साफ करेगा एनडीए : त्रिलोक त्यागी

मेरठ, 19 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय प्रजातांत्रिक गठनबंधन (एनडीए) विपक्ष का सूपड़ा साफ कर देगा। आगरा से सहारनपुर तक और गाजियाबाद से लेकर मुरादाबाद तक सभी सीटों पर एनडीए का परचम लहराएगा।

मेरठ कैंट स्थित रालोद के जिला कार्यालय पर मंगलवार को पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने के बाद ही रालोद ने एनडीए में जाने का मन बनाया था। यदि बड़े चौधरी साहब को भारत रत्न नहीं दिया जाता तो हम अगले कदम पर विचार करते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वो काम किया है जो मनमोहन सिंह दस सालों में नहीं कर पाए। बागपत में रालोद की महिला विंग की जिलाध्यक्ष रेनु तोमर के इस्तीफे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब भाजपा के लोग जयंत चौधरी के नाम का नारा लगा सकते हैं तो रालोद के लोग नरेंद्र मोदी के नाम का नारा क्यों नहीं लगा सकते। अब रालोद एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है, यह तय है कि अब सहारनपुर से मेरठ, मुरादाबाद तक कहीं किसी भी सीट पर कोई चुनाव बचा ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने चौधरी चरण सिंह के अंडर में काम किया। जब वे वित्त मंत्री थे, तब मनमोहन सिंह उनके वित्त सचिव थे। जब मनमोहन सिंह दस साल प्रधानमंत्री रहे तो उन्होंने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न क्यों नहीं दिया? चौधरी अजीत सिंह ने मनमोहन सिंह पर दबाव बनाकर उनसे लखनऊ एयरपोर्ट का नाम चौधरी चरण सिंह कराया।

त्रिलोक त्यागी ने कहा कि सारी दुनिया में किसान आंदोलन चल रहे हैं। किसानों को अपनी मांग करने का अधिकार है। पहले हम मांगें कर रहे थे। अब हम सरकार में हैं तो किसानों की मांगों को पूरा कराएंगे।

रालोद में बाहरी नेताओं के शामिल होने पर उन्होंने कहा कि रालोद एक परिवार है। कुछ लोग कभी कुछ दिन के लिए बाहर घूम आते हैं, लेकिन फिर वापस अपने घर ही आते हैं। उन्होंने बिजनौर से रालोद उम्मीदवार मीरापुर विधायक चंदन चौहान के बारे में कहा कि वे भी कुछ दिन बाहर घूमकर आए थे। जबकि उनके दादा को प्रदेश का उपमुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह ने बनाया था। चंदन के पिता संजय चौहान को सांसद और विधायक चौधरी अजीत सिंह ने बनाया था। ऐसे में विनय प्रधान के परिवार से रालोद के पुराने संबंध रहे हैं।

त्रिलोक त्यागी ने कहा कि रालोद अब अपने नाम पर नहीं, बल्कि हर सीट पर एनडीए के नाम पर वोट मांग रही है। पूरी निष्ठा के साथ एक-एक उम्मीदवार के लिए रालोद कार्यकर्ता काम करेगा। इस अवसर पर रालोद जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़, विनय प्रधान, नरेंद्र खजूरी, विनय मल्लापुर, पूर्व विधायक योगेंद्र जाटव आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/मोहित

   

सम्बंधित खबर