मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं का कर रही दुरुपयोग, लोकतंत्र हो रहा कमजोर : कांग्रेस

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री।

जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि देश में मोदी सरकार एक के बाद एक प्रहार लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए कर रही है। केन्द्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी पार्टियों को निशाने पर ले रही है। वर्ष 2016 में उत्तरप्रदेश चुनाव जीतने के लिए नोटबंदी, अब प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते फ्रीज करने का कृत्य लोकतंत्र पर सीधा हमला है। भाजपा लोकतांत्रिक परम्पराओं पर प्रहार कर केवल सत्ता हथियाने की चाह रखती है।

डोटासरा शुक्रवार को पीसीसी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सब परिस्थितियां ऐसे वक्त हो रही है जब उच्चतम न्यायालय ने केन्द्र सरकार की इलेक्टोरल बाण्ड के माध्यम से राजनीतिक चंदा लेने को गैर कानूनी करार दिया है। इन्हीं सब हथकण्डों के माध्यम से प्रधानमंत्री देश में 400 पार सीट लाने की बात कह रहे हैं। कभी नोटबंदी, कभी पुलवामा, कभी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करना, कभी इलेक्टोरल बॉण्ड के माध्यम से चंदा लेकर स्कैम कर मोदी सरकार ने देश में अराजकता का माहौल बना दिया है। इस हिटलरशाही व तानाशाही के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश पर राज करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में भी 50 प्रतिशत से अधिक लोग आज तरह के देश के माहौल से चिंतित हैं एवं असहमति रखते हैं। भाजपा द्वारा दूसरे दलों को तोड़ने का काम केवल चुनावी माहौल बनाने के लिये किया जा रहा है।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गांव-गांव तक आधार कार्ड से लोगों के बैंक खाते खुले हैं और सभी देशवासी इन बैंक खातों के माध्यम से अपनी आजीविका चलाते हैं। यदि किसी उद्योगपति अथवा किसी परिवार का खाता फ्रीज हो जाये तो उसे अनगिनत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बिना किसी कारण के कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज करने का मुद्दा केन्द्र की भाजपा सरकार को ले डूबेगा। ज्यादा से ज्यादा इस पर कानूनी प्रावधानों के अनुसार पेनल्टी लग सकती थी, किन्तु आज आयकर विभाग ने कांग्रेस के 285 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिये। इनकम टैक्स विभाग ने एक कदम आगे बढ़ते हुए इस राशि में से 115 करोड़ रुपये निकाल लिये। उन्होंने कहा कि हमें नोटिस देते, जवाब लेते, प्रक्रिया आगे बढ़ती, कानूनी कार्यवाही होती, किन्तु 115 करोड़ रुपये इनकम टैक्स विभाग ने निकाल लिए, जो कि आश्चर्यजनक है। यह सब कार्य भाजपा के नेताओं के इशारे पर हो रहे हैं। आज देश में गंभीर परिस्थिति है, देश किस दिशा में जा रहा है, किसी को नहीं पता, उत्तरी कोरिया और चीन की तरह तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, भविष्य में चुनाव भी होंगे या नहीं होंगे, किसी को जानकारी नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि आज देश में किस प्रकार का माहौल हो गया है, यह किसी से छिपा हुआ नहीं है। एक तरफ आमजन से प्राप्त चंदे की राशि वाले कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किये जा रहे हैं, दूसरी ओर असंवैधानिक स्कीम इलेक्टोरल बॉण्ड के माध्यम से प्राप्त चंदे से भाजपा चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूरे देश में साख खराब है तथा चुनावों में हालत कमजोर है। भाजपा के सांसद पार्टी छोड़कर जा रहे हैं, क्योंकि भाजपा में अंदरूनी लोकतंत्र नहीं है, केवल दो लोग पार्टी चला रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर