जिला कारागार में कैदियों ने मनायी होली

जिला कारागार में मनाई गई होली

हरिद्वार, 24 मार्च (हि.स.)। रोशनाबाद जिला कारागार में भी धूमधाम से होली मनाई गई। जेल प्रशासन के आयोजित होली मिलन समारोह में जेल अधीक्षक मनोज आर्य, अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, श्री अखण्ड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक भी शामिल हुए।

समारोह में कैदियों और अतिथियों ने पुष्प वर्षा कर और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में जेल में बंद कैदी होली के गीतों पर खूब थिरके। जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि जेल में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए सभी त्योहार धूमधाम से मनाए जाते हैं। जेल प्रशासन का प्रयास है कि कैदी अपनी पिछली जिंदगी को भुलाकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें।

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि हरिद्वार जेल में जिस तरह से त्योहार मनाए जाते हैं। उसे देखते हुए वे इसे जेल नहीं बल्कि सुधार गृह मानते हैं। जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने जेल में त्योहार मनाने की जो पहल की इसका कैदियों पर सकारात्मक असर होगा और वे बुराई को छोड़कर अच्छाई की दिशा में आगे बढ़ेंगे। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि जेल अधीक्षक मनोज आर्य की सकारात्मक पहल स्वागत योग्य है। धार्मिक क्रियाकलापों में शामिल होने से कैदियों की मानसिकता में निश्चित रूप से बदलाव आएगा और उनमें अपराध करने की प्रवृत्ति दूर होगी।

हिन्दुस्थानसमाचार/रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर