होली पर्व पर एक-दूसरे की भावना को मजबूत करने का लेना होगा संकल्प : अखिलेश यादव

लखनऊ, 24 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को होली के पर्व पर सभी को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा है कि सभी वर्गों एवं समुदायों के बीच भाईचारा और मेल-मिलाप हो, यही इस पर्व का पवित्र संदेश है।

अखिलेश यादव आज प्रदेश मुख्यालय के डॉ राममनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में आये पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज को तोड़ने वाली ताकतों को अलग-थलग करने के साथ सामाजिक सद्भाव और परस्पर विश्वास तथा एक दूसरे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का भी आज संकल्प लेना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव देश के लिए निर्णायक सिद्ध होगा। लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। नागरिक अधिकारों का हनन हो रहा है। भाजपा सभी लोकतांत्रिक मूल्यों का नष्ट करने पर तुली है। विपक्षी नेताओं को फर्जी केसों में फंसाने का काम किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लूट, हत्या, भ्रष्टाचार, अन्याय चरम पर है। कानून का राज नहीं रह गया है। भाजपा की नीतियों और कार्यों से लोकतंत्र शर्मसार हो रहा है। जनता के पास 2024 का लोकसभा चुनाव ही बड़ा अवसर है जब वह अपने वोट से अपना भाग्य बदल सकती है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा जबसे सत्ता में आई है छात्र, नौजवान, किसान, व्यापारी, बहन-बेटियां परेशान हैं। किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) न मिलने और कर्ज की मार से एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली है। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। बेरोजगारी चरम पर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश महिलाओं से दुष्कर्म और पुलिस हिरासत में लोगों की मौतों के आंकड़ों में सबसे आगे हैं। भाजपा अपनी एकाधिकारी मनोवृत्ति के चलते यह भूल रहा है कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता जर्नादन है। जनता की आवाज को दबाने का कोई लाख कोशिशें कर ले, जनता के फैसले के सामने बड़ा से बड़ा तानाशाह भी टिक नहीं सकता। जनता ने मन बना लिया है कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी और समाजवादी पीडीए इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित/राजेश

   

सम्बंधित खबर