उप्र में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना

कानपुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बराबर बदल रहा है। शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हुई। इसके साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच तेज हवाएं चलती रहीं जिससे अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस गिर गया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन तेज हवाओं के साथ उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होती रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी ईरान और आसपास के क्षेत्रों पर है, जो मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के के रूप में बना हुआ है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है और अब लगभग 64° पूर्व देशांतर के साथ 22° उत्तर अक्षांश के उत्तर में चलती है।

एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर असम के ऊपर और समुद्र तल से 1.5 और 3.1 किमी ऊपर के बीच के क्षेत्रों पर बना हुआ है।

उत्तर पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी है। एक ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर चक्रवाती परिसंचरण से मध्य प्रदेश, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए दक्षिणी असम तक फैली हुई है।

उत्तर बिहार के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा उत्तरी बिहार पर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए दक्षिणी ओडिशा तक फैली हुई है।

मध्य मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। केरल के ऊपर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश स्थानीय स्तर पर हो रही है। आगामी दो दिन भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश स्थानीय स्तर पर होने के आसार बने हुए हैं। वहीं रात में आसमान में बादलों की आवाजाही से रात का तापमान बढ़ गया है और दिन का तापमान सामान्य से कम चल रहा है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 55 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 47 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 6.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। आगामी दो दिन स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति सामान्य से अधिक चलने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दिलीप

   

सम्बंधित खबर