कन्नौज में जन विकास का विरोध करने वालों की दाल नहीं गलने वाली : अखिलेश यादव

कन्नौज, 02 अप्रैल (हि.स.)। जो जोश दिखाई दे रहा है इससे विरोधी लोगों को एहसास हो गया है कि अब उनकी कन्नौज में दाल गलने वाली नहीं है। जो विकास कन्नौज का समाजवादियों ने किया उससे आगे ये विकास नहीं कर पाए। यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही। वे मंगलवार को कन्नौज में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश ने भाजपा सरकार को स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर घेरा। उन्होंने कहा कि किडनी की बीमारी के बाद सबसे ज्यादा कोई बीमारी फैल रही है तो कैंसर बीमारी है, इसीलिए हमने कन्नौज में कैंसर के लिए अलग से डिपार्टमेंट बनवाया था। लेकिन भाजपा सरकार ने उसे चलने नहीं दिया।

उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच से भाजपा को इलेक्ट्रोरल बॉन्ड के मामले में घेरा। उन्होंने कहा कि कितना लूटा इन्होंने, किसी से 1000 करोड़, किसी से 500 करोड़, किसी से 400 करोड़ ले लिए। बताओ वैक्सीन वालों से चंदा वसूला कि नहीं वसूला? ऐसे हैं भाजपा के लोग।

सम्मेलन के बाद सपा अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कन्नौज के विकास को रोका है। जो शहर कभी अपनी सुगंध के लिए जाना जाता था, वह सांसद की करतूतों की वजह से जाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव चंदा वसूली के खिलाफ होने जा रहा है, ईडी सीबीआई और इनकम टैक्स का दबाव बनाकर जो चंदा वसूला है उसके खिलाफ होने जा रहा है।

अखिलेश ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट में इन्हें प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं ढूंढे, लद्दाख जा नहीं सकती भाजपा। रेजांगला जैसा मेमोरियल जो चीन ने तोड़ दिया उसके बारे में क्यों चुप हैं ये लोग? क्या चीन से घबराती है भाजपा?

उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि लोकतंत्र में झूठे मुकदमे लगाकर किसी भी मुख्यमंत्री पद पर बैठे इंसान को जेल भेज देंगे आप? कैबिनेट के डिसीजन को आप नहीं मानेंगे? इंस्टीट्यूशंस को कोई कमजोर कर रहा है तो भारतीय जनता पार्टी है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/मोहित

/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर