कांग्रेस ने झूठी घोषणाएं कर जनता को गुमराह किया: मंजू शर्मा

जयपुर, 3 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा क्षेत्र जयपुर भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा ने बुधवार को बगरू विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा कर जनसंपर्क किया। दिनभर चले प्रचार कार्यक्रम के तहत करीब एक दर्जन स्थानों पर जनसभाओं का भी आयोजन किया गया। जनसभाओं को संबोधित करते हुए मंजू ने कहा कि उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठी घोषणाएं कर जनता को गुमराह किया था। गहलोत सरकार केंद्र के भेजे पैसे का उपयोग नहीं कर पाई थी। मंजू ने लोगों को विश्वास दिलाया कि अब केन्द्र सरकार के पैसे से बगरू विधानसभा क्षेत्र के हर घर में सोलर सिस्टम से बिजली पहुंचेगी। घर-घर पानी पहुंचेगा।

शर्मा ने कहा कि राज्य में अब डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। सभी लोगों को लोकसभा चुनावों में भाजपा को सभी सीटों पर जीत का तोहफा देना है। उन्होंने कहा कि बगरू क्षेत्र से उनका विशेष लगाव रहा है और शुरू से ही वे अपने पिताजी स्व.भंवरलाल शर्मा के साथ यहां आती रही है। बगरू में पानी की समस्या का समाधान भाजपा ने ही किया है। यह भाजपा सरकार के मजबूत इरादे ही थे जिससे बगरू के लोगों को बीसलपुर का पानी यहां के लोगों को मिलने लगा है। बगरू की जनता को कैलाश वर्मा जितना मजबूत विधायक कभी नहीं मिला। कांग्रेस शासन के दौरान यहां पूर्व विधायक गहलोत और पायलट के झगडे में पिस गई और कोई भी काम नहीं करवा पाई।

सांसद रामचरण बोहरा ने आमजन से कहा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाना है और बीजेपी को जिताना है। उन्होंने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर भी जमकर निशाने साधे और कहा कि अब उनके पास कहने के लिए कोई शब्द नहीं है, इन दिनों उन्होंने नई रट पकड ली है कि लोकतंत्र खतरे में हैं जबकि उन्हें पता है कि लोकतंत्र पर खतरा उस दिन मंडराया था जब इंदिरा गांधी ने अपनी जिद पूरी करने के लिए देश में आपातकाल लागू कर दिया था। उसी तर्ज पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने काम करते हुए राजस्थान में आर्थिक आपातकाल के हाल बना दिए थे और अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार कांग्रेस शासन के पाप धोने का कार्य कर रही है।

इस दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार लोगों की मंशा के अनुसार काम करेगी। हमारी सरकार बनते ही पेपर लीक करने वालों पर एसआईटी का गठन कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी जेल भेजे जा रहे हैं। मोदी की गारंटी ने लोगों को कई सुविधाएं दी हैं। देश विकसित भारत की ओर अग्रसर है। राम मंदिर मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से कहा किया कि जिस प्रकार पिछले दो चुनावों में भाजपा को प्रचण्ड समर्थन देकर विजयी बनाया है उसी तर्ज पर इस बार भी भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा को जीत दिलाकर केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करने हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ इंदु/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर