रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार लाट मंडल

गुवाहाटी, 03 अप्रैल (हि.स.)। राज्य के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि नलबाड़ी जिले के घोगरापार राजस्व सर्कल के सर्कल अधिकारी कार्यालय के लाट मंडल (लेखपाल) खगेन कलिता ने रिश्वत की मांग की थी। भूमि विक्रय अनुमति जारी करने के लिए शिकायतकर्ता से छह हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में लाट मंडल ने रिश्वत की रकम घटाकर पांच हजार पांच सौ रुपए कर दी।

रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर, शिकायतकर्ता ने उपरोक्त लोक सेवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए इस निदेशालय से संपर्क किया।

तदनुसार, बुधवार को सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय की एक टीम द्वारा सर्कल अधिकारी के कार्यालय में एक जाल बिछाया गया था। खगेन कलिता को रुपये लेते ही कार्यालय में रंगे हाथ पकड़ लिया गया। शिकायतकर्ता से मांगी गई रिश्वत के हिस्से के रूप में पांच हजार रुपए दिए गए। उसके कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में उसे जब्त कर लिया गया।

इस संबंध में एसीबी थाने में एक मामला दर्ज किया गया।

उपरोक्त लोक सेवक के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी अनुवर्ती कार्रवाई चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर