मुख्यमंत्री के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष ने दर्ज कराया मानहानि का मुकदमा

गुवाहाटी (असम), 04 अप्रैल (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के खिलाफ 10 करोड़ रुपये के मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से जारी एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कई मौकों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे समाज में भूपेन बोरा की छवि धूमिल हो सकती है और पार्टी को नुकसान पहुंच सकता है।

एपीसीसी ने कहा है, खासकर भूपेन बोरा जल्द ही कांग्रेस पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे, जैसी बातें मुख्यमंत्री द्वारा कहे जाने से भूपेन बोरा आहत हुए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने आज इन बयानों के खिलाफ कोर्ट का रुख किया।

मानहानि का मुकदमा कामरूप (मेट्रो) सेशन कोर्ट में दर्ज कराया गया है। इस मुकदमे में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा के साथ ही स्थानीय एक असमिया दैनिक अखबार के संपादक के विरुद्ध भी मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर