प्रधानमंत्री, भाजपा और आरएसएस को कोसे बिना नहीं पचता कांग्रेस नेताओं के पेट का पानी : सीपी जोशी

जयपुर, 4 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता के नामांकन के दौरान चित्तौड़गढ़ में की गई बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि जब तक कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा और आरएसएस को कोस नहीं लेते उनके पेट का पानी नहीं पचता। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र का गला घोंटने वाली जन विरोधी पार्टी बताते हुए कहा कि लोकतंत्र का काला अध्याय आपातकाल के रूप में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लिखा था।

जोशी ने कहा कि भाजपा पर संविधान और लोकतंत्र का खात्मा करने का आरोप लगाने वाले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को ये मालूम होना चाहिए कि संविधान और लोकतंत्र का खात्मा तो आपातकाल में हुआ था जब निर्दाेषों को जेल में डालकर उनकी जबरन नसबंदी कर दी गई और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त कर दिया गया। कांग्रेस के पास लंबी फेहरिस्त तो है पर वो भ्रष्टाचार और घोटालों की है। भाजपा ने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में लोकतंत्र की जड़े मजबूत की है। परिवारवाद पर कटाक्ष करने वाले एक बार अपने अंतरमन में झांक लें कि वे सिर्फ गांधी परिवार की चाटुकारिता कर पार्टी को चला रहे हैं। भाजपा पर देश को तोड़ने के आरोपी को हास्यास्पद करार देते हुए सांसद जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को नारों और वादों के अलावा कुछ नहीं दिया। न्याय यात्रा के नाम पर देशवासियों के साथ अन्याय कर रहे हैं।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज अपने कौशल और क्षमता का उपयोग करते जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करते हुए विश्व के सर्वमान्य और शक्तिशाली नेता के रूप में भारत का गौरव विश्व में बढ़ाया है। प्रदेश की जनता ने अभी तीन महीने पहले ही विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को आईना दिखाया है, अब लोकसभा चुनावों में भी भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताकर मुंहतोड जवाब देने के लिए तैयार है। जोशी ने गुरुवार को राजसमंद में भाजपा प्रत्याशी महिमा कुमारी मेवाड़ की नामांकन सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक समय था जब सरकारें शिलान्यास करके भूल जाती थी, लेकिन 2014 के बाद देश में भाजपा की मोदी सरकार बनी जिसने पिछले दस सालों में देश की मजबूती और विकास के लिए काम किए। मोदी सरकार में अब जिस काम का शिलान्यास होता उसका उद्घाटन भी होता है। आजादी के बाद दूसरी सरकारों ने जो काम पचास सालों में नहीं किया उससे ज्यादा काम भाजपा की मोदी सरकार ने दस सालों में कर दिखाया।

जोशी ने कहा कि जनता प्रदेश की सभी सीटों पर प्रचंड बहुमत से भाजपा का कमल खिलाने को आतुर है। इसलिए सभी कार्यकर्ता मतदान दिवस तक अपने समय का दान करें, हर घर हर मतदाता तक पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राम-राम कहे, हर छत पर भाजपा का झंडा, गेट पर मोदी स्टीकर लगाना है और केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पर्चा देना है। मतदान दिवस के दिन शत प्रतिशत मतदान करवाना है। जोशी ने कहा कि आजादी के 100वें वर्ष में हिन्दुस्तान दुनिया का सिरमौर होगा, हम सब इसके आधार बनेंगे। आने वाली पीढ़ी याद करेगी कि हमारे पुरखों ने विकसित भारत की नींव रखी थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदान दिवस लोकतंत्र का महापर्व है। यह सिर्फ सांसद चुनने का ही अवसर रहीं है बल्कि विकसित भारत के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ाने का दिन है, जिसकी नींव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में रखी थी। पिछले दस सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व से देश का मिजाज बदला है। जो पार्टी कभी पूरे देश में एक छत्र शासन करती थी, उसकी नीति, नीयत में खोट, जनता के साथ हो रहे धोखे और कमजोर नेतृत्व के कारण उनके प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर