लाल सिंह ने निजी स्वार्थ के लिए प्लैल के जंगलों का किया नाश : डॉ. निर्मल सिंह

जम्मू। स्टेट समाचार 
जम्मू कश्मीर में लोकसभा चुनावों की तैयारियाँ बड़े ज़ोर शोर से चल रही हैं। पूरे जम्मू कश्मीर के लोगों की निगाहें कठुआ-उधमपुर लोकसभा सीट पर हैं। इस बार डॉ. जितेंद्र और चौधरी लाल सिंह के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। वीरवार को जम्मू कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के पांचों लोकसभा सीटों के प्रभारी डॉ. निर्मल सिंह ने शक्ति केंद्र स्तरीय पथ सभा कार्यक्रम के तहत बसोहली विधानसभा का दौरा किया। यह बसोहली विधानसभा के चार दिवसीय दौरे का पहला दिन था। इस पहले दिन के दौरे में डॉ निर्मल ने महानपुर रामलीला मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और सुलारी, चनेरा और पूंडा में सार्वजनिक बैठकों को संबोधित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं से बैठक के दौरान डॉ. निर्मल ने उनसे चुनावी तैयारियों का संज्ञान लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया और चुनावी रणनीतियों को उनके साथ साझा किया। जनता को सम्बोधित करते हुए डॉ निर्मल ने भाजपा की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डॉ निर्मल ने कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के आखिरी और पिछड़े वर्ग तक को लाभ पहुंचाया है। बैठक में महिलाओं को सम्बोधित करते हुए निर्मल ने कहा कि मोदी द्वारा चलाई गयी उज्जवला योजना के तहत हर महिला को गैस व चूल्हा मिला है और सब्सिडी का पैसा सीधा उनके बैंक खाते में आता है। उन्होंने कहा कि खासकर महिलाओं को बिना शौचालय के कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था लेकिन मोदी द्वारा हर घर में शौचालय बनाये जाने के बाद उन्हें बहार नहीं जाना पड़ता। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में रहने वाले पहाड़ी लोगों के साथ हमेशा पुरानी सरकारों ने  भेदभाव किया है और उनके अधिकारों को दबाने की कोशिश की है लेकिन भाजपा सरकार ने धारा 370 हटाकर उन्हें एसटी दर्जा देकर उनके साथ इंसाफ किया है। उन्होंने भाजपा उपलब्धियों को उजागर करते हुए कहा कि अगर दो दिन लगातार मोदी सरकार कि योजनाओं को गिना जाये तो दो दिन ख़त्म हो जायेंगे, पर मोदी की उपलब्धियां नहीं। सभा को सम्बोधित करते हुए डॉ निर्मल ने कठुआ-उधमपुर से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह पर तंज कसा। निर्मल ने कहा कि लाल सिंह ने कांग्रेस को छोड़ भाजपा का 2014 में हाथ थामा और फिर भाजपा के कार्यकर्ताओं को ही दबाने कीकोशिश की। निर्मल ने कहा कि 2 बार के पूर्व सांसद और 2 बार के विधायक विश्वासपात्र नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बसोहली पर चौधरी लाल सिंह ने कई साल राज किया लेकिन बसोहली के विकास के लिए वे विफल रहे। उन्होंने कहा कि चौधरी लाल सिंह ने केवल सडक़ें बनाने की शुरुआत की लेकिन कभी पूरा न कर पाए। निर्मल ने कहा कि मोदी सरकार की पीएमजीएसवाई और नाबार्ड जैसी योजनाओं से अभी बसोहली के दूरदराज के पिछड़े इलाकों में भी सडक़ें पहुंच गयी हैं। केवल अपने निजी स्वार्थ को पूरा करने के लिए लाल सिंह ने महानपुर तहसील के प्लैल गांव के जंगलों को तबाह कर दिया। उन्होंने कहा कि बसोहली विधानसभा क्षेत्र के लोग अब समझ गए हैं और इस बार लाल सिंह का बहिष्कार करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि 2019 लोकसभा में मिली चौधरी लाल सिंह को करारी हार ने ही यह साबित कर दिया था कि लाल सिंह कितने पानी में हैं। उन्होंने कहा कि इस बार होने वाले चुनावों में चौधरी लाल सिंह की जमानत ज़ब्त होने वाली है। डॉ. सिंह ने सुलारी गांव में प्रसिद्ध श्री कैलू बाबा मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इस एक दिवसीय दौरे पर डॉ निर्मल के साथ डीडीसी चेयरपर्सन कठुआ (रिटायर्ड) कर्नल महान सिंह, डीडीसी सदस्य महानपुर तेजिंदर सिंह गोल्डी, पूर्व बसोहली नगर पालिका अध्यक्ष शम्मी सपोलिया, भाजपा पहाड़ी जिला अध्यक्ष दर्शन सिंह, जिला महासचिव सोनू गुप्ता और बसोहली विधानसभा के अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

   

सम्बंधित खबर