हवन पूजन के साथ नवीन सत्र प्रारंभ

हवन में शामिल लोग

भागलपुर, 5 अप्रैल (हि.स.)। गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल एवं पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर नरगाकोठी में शुक्रवार को हवन पूजन के साथ नवीन सत्र प्रारंभ हुआ।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी आचार्य एवं छात्रों के द्वारा सामूहिक रूप से हवन का कार्य संपादित किया गया। पुष्प एवं तिलक लगाकर नए सत्र में सभी छात्रों का स्वागत किया गया। छात्रों में नैतिक एवं आध्यात्मिक गुण के विकास हेतु हवन पूजन जैसे कार्य अत्यंत ही आवश्यक हैं। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि नए सत्र में नई कक्षा में प्रवेश करते हैं। अपने परिणामों के आधार पर परिश्रम करें। अच्छा परीक्षा फल है तो बहुत अच्छा करने का प्रयास करें एवं जिनके परिणाम सामान्य है वे कठिन परिश्रम का लक्ष्य रखें। समय पालन एवं अनुशासन सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य का निर्धारण करते हुए हमें आगे बढ़ने का प्रयास करना है।

शिक्षण प्रमुख डॉ संजीव झा ने कहा कि भगवान से यही प्रार्थना है आप जितना आगे बढ़ेंगे हमें उतना ही गर्व होगा । आप अपने घर समाज देश एवं विद्यालय के लिए उत्तम छात्रा बनें। आप विद्यालय एवं देश की धरोहर हैं। आज हवन पूजन का कार्य विद्यालय के संस्कृत आचार्य चंदन पांडे द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नीरज कुमार कोशिक, उप प्रधानाचार्य अशोक कुमार मिश्र, डॉ संजीव झा, शेखर झा, विनोद पांडे, महेश कुमर, उत्तम मिश्र, मनोज तिवारी, अभिजीत आचार्य, सुबोध झा ,दीपक झा, शशि भूषण मिश्र एवं विद्यालय के समस्त आचार्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/बिजय/गोविन्द

   

सम्बंधित खबर