कांग्रेस पर देश की जनता ने भरोसा नहीं किया: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष

गुवाहाटी, 04 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 वर्षों के शासन करने के बावजूद कांग्रेस पार्टी देश की जनता को विश्वास में नहीं ले सकी। इतने दुष्प्रचार के बावजूद कांग्रेस को सिर्फ 100 सीटों पर ही सिमट कर रह जाना पड़ा। भवेश कलिता आज लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद यहां मीडिया को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि असम तथा पूरे देश की जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि कोलियाबर और बरपेटा सीट कांग्रेस से वापस लेने की बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि हमारे सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को भी इस चुनाव में दो सीटें मिली हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने हालांकि, यह भी कहा कि जोरहाट सीट खो देने का हमें गम है। लेकिन, हम कल से ही इस आत्ममंथन में लग जाएंगे कि जोरहाट सीट को फिर से कैसे अपने पक्ष में वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि जोरहाट लोकसभा क्षेत्र के सभी विधायकों को क्षेत्र में लगाया जाएगा, ताकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में जोरहाट की सभी सीटें प्राप्त हो सके।

एक प्रश्न के उत्तर में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा की मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता ने भरोसा व्यक्त किया है। यह चुनाव परिणाम इसी भरोसे का प्रतीक है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों के अन्य कई सवालों के भी सीधे-सीधे उत्तर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर