सिंगल यूज प्लस्टिक के खिलाफ दुकानों में छापामारी, जुर्माना वसूला गया

खूंटी, 5 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर सिंगल यूज प्लास्टिक से खूंटी नगर पंचायत को मुक्त करने के उद्देश्य से नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सृष्टि दीप्रिया मिंज के नेतृत्व में शुक्रवार को बाजार टांड़ और आसपास की दुकानों में प्लास्टिक की छापामारी की गई। इसमें लगभग 500 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक विभिन्न दुकानों से जब्त किया गया। साथ ही 5400 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक के वैकल्पिक साधनों जैसे कपड़े की थैली कागज का बैग और निर्धारित मांग दंड वाले कैरी बैग के साथ अन्य विकल्प के लिए लोगों को जागरूक किया गया। सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत कानूनी कार्रवाई के प्रावधानों के बारे में भी दुकानदारों को अवगत कराया गया। इस अधिनियम के अंतर्गत माल की जब्ती, पर्यावरण क्षतिपूर्ति की वसूली और उद्योग, दुकान वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और खुदरा विक्रेता आदि को सिंगल यूज प्लस्टिक को बंद करना अनिवार्य है।

कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक बैन अभियान का नियमित रूप से संचालन किया जाएगा, ताकि खूंटी शहर के पर्यावरण में सुधार हो सके। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर