ग्वालियर: दिन भर छाए रहे बादल, शाम को हुई बूंदाबांदी, तापमान 37 के पार

ग्वालियर, 05 अप्रैल (हि.स.)। शुक्रवार को दिन भर कभी घने तो कभी मध्यम बादल छाए रहे। शाम सात बजे के आसपास शहर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। बावजूद इसके अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान ग्वालियर-चंबल संभा में विशेषकर भिण्ड व मुरैना जिलों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तरी बांग्लादेश, उत्तर-पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, पूर्वी असम में अलग-अलग चक्रवात मौजूद हैं। पूर्वी विदर्भ से कर्नाटक एवं तमिलनाडु होते हुए कोमरीन क्षेत्र तक हवाओं में असतत्ता व्याप्त है। हालांकि मध्य प्रदेश में इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव पश्चिमी भाग में अधिक है लेकिन ग्वालियर-चंबल संभा में भी बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही भिण्ड-मुरैना जिलों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। दस अपै्रल को पश्चिमी हिमालय में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके प्रभाव से 11 एवं 12 अपै्रल को ग्वालियर-चंबल संभाग में अधिकांश क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 47 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 04 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 28 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 02 प्रतिशत अधिक है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/नेहा

   

सम्बंधित खबर