अनूपपुर: कांग्रेसी घर नहीं चला पा रहे देश को क्या चलाएंगे: हिमान्द्री सिंह

ग्रमीणों के बीच भाजपा उम्मीदवार

अनूपपुर, 6 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस घोषणा पत्र जारी करती हैं और भाजपा संकल्प पत्र जिसे हम पूरा कर सकें। पहले कांग्रेस पार्टी को अपने दल में विश्वास पैदा करना होगा, जब उनके दल में ही विश्वास नहीं है। घर के लोग ही नेता नहीं मानते हैं, वह घर नहीं चला पा रहे देश को क्या चलाएंगे। इसलिए उनका जो घोषणा पत्र है वह खोखला पत्र है। शहडोल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हिमान्द्री सिंह अपने गृह क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के ग्राम भेजरी में चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहीं।

हिमान्द्री सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए कहा कि जनता सब अच्छी तरह से जानती है, जागरूक है, वह जानती है कौन सी सरकार ने जनता के लिए लोक हितैषी योजना चलाई है। उनको सम्मान देने का काम किया है। हमारी संस्कृति को मजबूती प्रदान करने का काम किस सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र लगातार मजबूत हो रहा है। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि आने वाली 21वीं सदी भारत की होगी और वही प्रधानमंत्री मोदी ने काम किया है।

मोदी की गारंटी सभी के दिलों में

हिमान्द्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस का कोई घोषणा पत्र ही नहीं है, मोदी की गारंटी सभी के दिलों में है। मोदी पर सभी विश्वास करते हैं। पीएम मोदी वैश्विक नेता हैं। हर दिलों पर राज करने वाले हैं। मोदी का कोई व्यक्ति परिवार नहीं है। मोदी ने पूरे देश को अपना परिवार माना है। वह देश की चिंता करते हैं। इसलिए जनता पीएम मोदी को आशीर्वाद देगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश शुक्ला

   

सम्बंधित खबर