राजनीतिक भय और प्रलोभन में आकर मतदान नहीं करें: देवब्रत

काजीरंगा (असम), 06 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा में प्रतिपक्ष कांग्रेस के नेता देवब्रत सैकिया ने वोटरों से अपील की है कि वह राजनीतिक प्रलोभन अथवा भय में आकर मतदान नहीं करें। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता के रहते हुए किसी को भय करने की आवश्यकता नहीं है। देवब्रत सैकिया आज काजीरंगा लोकसभा सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार रोजलीना तिर्की के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

देवब्रत सैकिया ने कहा कि काजीरंगा सीट कांग्रेस उम्मीदवार रोजलीना तिर्की काजीरंगा क्षेत्र की हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार तपन गोगोई यहां के रहने वाले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों से किए गए वादे के अनुसार लोगों के खाते में 15 लाख रुपए देने, ढाई करोड़ लोगों को रोजगार देने, एक्सप्रेस हाईवे बनाने, ब्रह्मपुत्र का उत्खनन करने से लेकर तमाम वादे पूरा करने में विफल रही।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह सरकार आशा तथा आंगनबाड़ी कर्मियों को उनका न्यूनतम् मजदूरी देने में भी विफल रही है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता ने भाजपा पर कई आरोप लगाए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर