(अपडेट) तेजपुर में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने योग कार्यक्रम में लिया हिस्सा

शोणितपुर (असम), 21 जून (हि.स.)। 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पूरे देश के साथ-साथ दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गये। असम में भी योग दिवस मनाया गया। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने तेजपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्यस्तरीय समारोह में भाग लिया। मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री केशव महंत समेत कई मंत्रियों, सांसदों, विधायकों तथा पार्टी के अन्य नेताओं ने भी योगासन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग दुनिया को फिट और स्वस्थ रहने के लिए भारत के अनूठे उपहारों का उत्सव है।

उल्लेखनीय है कि योग कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री गुरुवार की दोपहर बाद तेजपुर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार की दोपहर के समय तेजपुर के दौरे के दौरान मिशन चारियाली में नवनिर्मित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का जायजा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा कल दोपहर 3.30 बजे मिशन चारियाली पर पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया।

असम सरकार ने तेजपुर के लोगों की आवाजाही में कठिनाई के कारण लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर का निर्माण करने का निर्णय लिया था। मुख्यमंत्री ने कल निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री तेजपुर कालीबाड़ी स्थित कलागुरु बिष्णुप्रसाद राभा के समाधि क्षेत्र समन्वय मैदान पहुंचे और कलागुरु विष्णु प्रसाद राभा की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के साथ राज्य के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री बिमल बोरा, शहरी विकास मंत्री अशोक सिंघल, शोणितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रंजीत दत्ता, तेजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पृथ्वीराज राभा, शोणितपुर के जिला आयुक्त देब कुमार मिश्रा और अधिकारी और स्थानीय लोग भी थे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर /अरविंद

   

सम्बंधित खबर