कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण और आतंकवाद को बढ़ावा दिया: डॉ. मोहन यादव

भोपाल, 6 अप्रैल (हि.स.)। दुश्मन बहुत चतुर और चालाक है, वह झूठ और फरेब की राजनीति कर माहौल बिगाड़ने का काम कर रहा है, उससे सजग रहकर बूथ पर सबक सिखाना है। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण, आतंकवाद को बढ़ावा दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में आए दिन आतंकी हमले होते थे, भ्रष्टाचार होता था। कांग्रेस की कुत्सित नीति के कारण भारत सदैव रंजित होता रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित व समृद्धशाली भारत बनने की ओर अग्रसर है।

यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज एवं पूर्व मंत्री व न्यू ज्वॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के 45 वें स्थापना दिवस पर प्रदेश कार्यालय में झण्डा फहराया एवं महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। पार्टी नेताओं ने एक दूसरों को मिठाई खिलाकर पार्टी की स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।

कांग्रेस ने देश को दुरावस्था और मोदी ने विकसित राष्ट्र बनाया- डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बूथ कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पार्टी आज 45वां स्थापना दिवस मना रही है लेकिन जब हम देश के लाखों साल पुराने इतिहास को देखें तो यह बहुत छोटा दिखाई देता है। आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में कुछ नहीं किया और देश को दुरावस्था की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया। 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो देश में गरीब कल्याण के कार्य किए गए। इसी का परिणाम है कि आज भारत विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया के अंदर भारत का मान बढ़ा है। आज दुनिया भारत की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। हर देश भारत से दोस्ती करना चाहता है। यह सब एक दिन में संभव नहीं हुआ है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी की दस साल की साधना एवं तपस्या शामिल है। प्रधानमंत्री ने यूक्रेन-रूस युद्व से 20 हजार लोगों को बचाकर एवं सर्जिकल स्ट्राइक कर दुनिया को भारत का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संतों व आदिवासियों का अपमान किया है लेकिन भाजपा ने संत समाज को मान-सम्मान दिया वही आदिवासी बहन को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाया है।

कांग्रेस की कुत्सित नीति के कारण भारत सदैव रंजित होता रहा है

उन्होंने कहा कि मैं कल कांग्रेस का घोषणा पत्र देख रहा था, जिसमें कांग्रेस ने उल्लेख किया कि नई शिक्षा नीति में संशोधन करेंगे। कांग्रेस को ऐसा करके शर्म भी नहीं आती। यह वही कांग्रेस है जिसने पाठ्यक्रमों से भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण के इतिहास को हटाकर हमारी सनातन संस्कृति के साथ खिलवाड़ किया था। जिसने भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता ठुकरा दिया, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है। कांग्रेस कह रही है कि अग्निवीर योजना बंद करेंगे। यह उन नौजवान युवाओं का अपमान है, जो सेना में जाकर देश की सेवा करना चाहते हैं। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण, आतंकवाद को बढ़ावा दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में आए दिन आतंकी हमले होते थे, भ्रष्टाचार होता था। कांग्रेस की कुत्सित नीति के कारण भारत सदैव रंजित होता रहा है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित व समृद्धशाली भारत बनने की ओर अग्रसर है।

कांग्रेसी बहुत चालक और झूठे हैं, सजग रहकर इन्हें सबक सिखाना है

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस मैदान छोड़ रही है। कल ही खजुराहो से इंडी गठबंधन की सहयोगी पार्टी सपा की प्रत्याशी का नामांकन निरस्त हो गया है। मोदी की आंधी के कारण कांग्रेस और उसके सहयोगी भी घबरा गए हैं इसलिए प्रत्याशी ने जानबूझकर नामांकन आवेदन के कॉलम को खाली छोड़ा था, जिससे जमानत जब्त होने के कलंक से बच सकें। भाजपा के विकास कार्यों के आगे कांग्रेस धराशाही हो गई है। आज पूरा देश और प्रदेश मोदी मय हुआ है। उन्होंने कहा कि एक कांग्रेसी पहले ही मैदान छोड़कर चले गए हैं और दूसरे पैदल-पैदल चल रहे हैं। हमें इनसे सावधान रहना है, दुश्मन बहुत चालाक है, वह झूठ बोलता है, फरेब करता है, हमें सजग रहकर इन्हें सबक सिखाना है। अबकी बार हम 29 की 29 सीटें जीतकर 400 के संकल्प को पूरा करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर