शिवपाल के बयान वाले सवाल पर मीडिया पर भड़क उठे सपा प्रदेश अध्यक्ष

देवरिया, 07 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल निजी कार्यक्रम में रविवार को जनपद पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर उतरते ही पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और कई सवाल किए। वरिष्ठ नेता शिवपाल के बयान वाले सवाल पूछने पर प्रदेश अध्यक्ष पटेल मीडिया पर भड़क उठे और उनसे ही कई सवाल करने लगे।

समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष अशोक कुशवाहा के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल रविवार को देवरिया रेलवे स्टेशन पहुंचे। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया। पत्रकार ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के मुख्तार अंसारी के घर जाने को लेकर सवाल पूछा। इस पर नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि अखिलेश यादव हमारे नेता हैं, वह कहीं भी जा सकते हैं।

इसी बीच एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि शिवपाल यादव ने कहा है कि चुनाव में जो वोट नहीं देगा, उससे हिसाब किया जाएगा। इस सवाल पर वह भड़क उठे। उन्होंने उल्टे पत्रकार से ही सवाल कर दिया कि आप से कहा है क्या ? बताइये किससे कहा है और किसने सुना है ?

इस दौरान पत्रकारों ने उनसे सपा कांग्रेस गठबंधन एवं कई सीटों पर टिकट बदलने के बारे में भी सवाल पूछा। नरेश उत्तम पटेल जवाब देने की बजाय नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि जो भाजपा को हराता है समाजवादी पार्टी उसे टिकट देती है। उनके स्वागत में गठबंधन के किसी नेता के न पहुंचने के सवाल पर भी उन्होंने उल्टा ही जवाब दिया।

नरेश उत्तम ने इस सवाल पर कहा कि वह स्वयं नेता है और गठबंधन के किसी नेता को नहीं पहचानते हैं। आप पहचानते हैं तो बताएं। इस दौरान जिलाध्यक्ष व्यास यादव, हृदय नारायण जायसवाल, नित्यानंद त्रिपाठी, छेदी यादव उपस्थित रहे ।

हिन्दुस्थान समाचार/ज्योति/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर