भारत माता एक बार फिर अंगड़ाई लेकर विश्व गुरु के पद पर अधिष्ठित हो रही है: शिवराज सिंह चौहान

भोपाल, 7 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को विदिशा लोकसभा की भोजपुर विधानसभा के औबेदुल्लागंज में रोड शो कर कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सौ साल पहले स्वामी विवेकानंद ने कहा कि, सुदीर्घ रजनी समाप्त हुई जान पड़ती है, महानिशा का अंत निकट है, जो अंधे हैं वो देख नहीं सकते, जो बहरे हैं वो सुन नहीं सकते, लेकिन मैं स्पष्ट रूप से देख रहा हूँ कि भारत माता एक बार फिर अंगड़ाई लेकर खड़ी हो रही है और विश्व गुरु के पद पर अधिष्ठित हो रही है। एक नरेन्द्र स्वामी विवेकानंद ने ये कहा था और एक नरेन्द्र हमारे प्रधानमंत्री हैं जो इसे पूरा कर रहे हैं।

कांग्रेस ने देश बांटने का महापाप किया है

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से भाजपा का जन्म हुआ तब से डॉ मुख़र्जी ने कहा था कि, एक देश में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे। कश्मीर के लिए लड़ने वाली भाजपा थी, गोवा के लिए लड़ने वाली भाजपा थी और कोई नहीं था। कांग्रेस ने तो देश को बांटने का महापाप किया है। देश अगर बंटा है तो देश को बांटने का काम कांग्रेस ने किया है और पंडित जवाहर लाल नेहरू ने किया है। पाकिस्तान ने हमला किया था तो कश्मीर में हमारे फौजी लड़ रहे थे, अगर नेहरू जी सेना को तीन दिन और लड़ने देते तो आज पूरा का पूरा कश्मीर हमारा होता, पाक अधिकृत कश्मीर नहीं बचता। केवल कांग्रेस ने इतना ही नहीं किया अनुच्छेद 370 भी लागू किया। आज मुझे यह कहते हुए गर्व है कि, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जो सपना देखा था दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे वो सपना पूरा हो गया है, कश्मीर से धारा 370 समाप्त हो गई है।

राम मंदिर पर कांग्रेस मातम मना रही थी

चौहान ने कहा कि, कांग्रेस में क्या बचा है, कांग्रेस की कौन सी रीति-नीती है जो देश के काम आई। कांग्रेस तो कहती थी कि, राम काल्पनिक हैं। राम हमारे अस्तीत्व, राम हमारे आराध्य, राम हमारे प्राण हैं। राम हमारे रोम-रोम में रमे हैं, राम हमारी सांसों में बसें हैं। राम के बिना ये देश चल नहीं सकता। कहते हुए गर्व है कि, हमने जो कहा था वो किया। 22 जनवरी को आयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो गई। देश में उत्सव था, बहनें दीपक जला रही थी, लेकिन कांग्रेस पार्टी खुश नहीं थी। जब देश खुशियां मना रहा था तब कांग्रेस मातम मना रही थी। कांग्रेस के तो करम फूटे हैं। भगवान के दर्शन के लिए एक झलक पाने के लिए कैसी भीड़ लगी थी और कांग्रेस ने निमंत्रण ठुकरा दिया, विनाशकाले विपरित बुद्धि।

ये ट्रेलर है पिक्चर अभी बाकी है

उन्होंने कहा कि, किसान को तो 6 हजार रूपए प्रधानमंत्री दे रहे हैं। तो मेरे भी दिल ने कहा मत चूको चौहान तुम भी 6000 दो तो ऐसे 12000 हो गए। आगे-आगे देखिए अभी तो ये ट्रेलर है पिक्चर अभी बाकी है, मोदी ने कहा है अभी 100 दिन में ही कई बड़े फैसले करने हैं। अपनी जिंदगी है लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए उनके लिए जीना है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अद्भुत काम किया है

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। पिछले 10 सालों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार और प्रधानमंत्री ने अद्भुत काम किया है। साल 2014 से पहले दुनिया में कहीं भी भारत का मान-सम्मान नहीं था। भारत को घपले-घोटालों का देश कहा जाता था लेकिन आज दुनिया के कोने-कोने में मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। ये सम्मान केवल मोदी का नहीं है बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है।

रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब

शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को औबेदुल्लागंज में रोड-शो किया। इस दौरान हर गली, हर मौहल्ले, हर नगर और हर चौराहे पर शिवराज का फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। रोड-शो में बड़े-बुजुर्ग, महिलाओं, युवा और भांजे-भांजियों ने बड़ी संख्या में शिवराज का स्वागत-सम्मान किया। बहनों ने अपने भैया को तिलक लगाकर आरती उतारी और उनके हाथ में पैसे रख दिए। वहीं भांजे-भांजियों ने भी मामा को चुनाव लड़ने के लिए पैसों से भरे अपने गुल्लक भेंट किए। रोड-शो के दौरान हर कोई शिवराज की एक झलक पाने के लिए आतुर था। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने दोनों हाथ जोड़कर, शीश झुकाकर सभी का अभिवादन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर