कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र के प्रति वफादार होने का कर रही झूठा प्रचार : भाजपा

जम्मू, 3 जुलाई (हि.स.)। बुधवार को भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वह संविधान और लोकतंत्र के प्रति वफादार होने का झूठा प्रचार कर रही है और कहा है कि भाजपा कांग्रेस का असल चेहरा जनता के सामने उजागर करने के लिए मुहीम चलाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता और अभियान के लिए गठित समिति के संयोजक चंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि 1975 में अनुचित साधनों के माध्यम से अपने चुनाव का बचाव करने के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय में कानूनी लड़ाई हारने के बाद तत्कालीन प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लगाया जाना भारतीय संविधान और लोकतंत्र पर सबसे बड़ा झटका था।

उन्होंने आगे कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शेख अब्दुल्ला के राजनीतिक विरोधियों के अलावा कई निर्दोष नागरिकों को भी घेर लिया गया था। शेख का तानाशाही रवैया इंदिरा गांधी जैसा ही था। सभी मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए थे। न्यायपालिका की शक्तियों और अधिकारों में कटौती की गई थी। सेना के वरिष्ठों को पदोन्नति में पीछे छोड़ दिया गया था। मानवाधिकारों को हवा में उड़ा दिया गया था।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य कांग्रेस और इंडी ब्लॉक से लोकतंत्र और संविधान पर वास्तविक खतरे के बारे में जनता को सचेत करना है। शर्मा के साथ नानाजी देशमुख लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी प्रभारी प्रो. कुलभूषण महोत्रा भी मौजूद थे। प्रोफेसर महोत्रा ने कहा कि पूरे राज्य में जेलों, पुलिस थानों और पूछताछ केंद्रों में बंदियों पर किए गए अत्याचारों और यातनाओं को स्थापित करने के लिए पर्याप्त सबूत और रिकॉर्ड उपलब्ध हैं। उपलब्ध दस्तावेजों का उपयोग युवा पीढ़ी को शिक्षित करने के लिए किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर