कांग्रेस की गारंटी पर जनता को भरोसा नहीं : सुरेश जोशी

हल्द्वानी, 08 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को निराशाजनक और खोखला करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटी पर जनता को कोई भरोसा नहीं है। कांग्रेस घोषणा पत्र के बिन्दुओं को पहले उन राज्यों में लागू करे, जहां उनकी सरकारें हैं।

भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने कहा कि कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र में लगातार हार से उपजी निराशा और वैचारिक खोखलापन नजर आता है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि जिन 10 गारंटियों की बात घोषणा पत्र में कि गयी है वो सभी पहले कार्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में क्यों नहीं लागू किया। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीस गढ़ के विधान सभा चुनाव में भी कांग्रेस ने ऐसी गारंटी का वादा किया था, लेकिन उन्हें लागू नहीं किया और पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें जनता ने सत्ता से बेदखल कर दिया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता से जो गारंटी करतें, है उसे निभाते हैं। इसके ऐसे कई उदाहरण हैं। यही वजह है कि आज जनता का मोदी के प्रति लगातार विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आज देश आगे बढ़ रहा है और कांग्रेस का घोषणा पत्र उसे पीछे ले जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा विजय पताका लहराने जा रही है। जोशी ने यह भी दावा किया कि पांचों सीटों में 70 फीसदी मतदान भाजपा के पक्ष में होगा। पत्रकार वार्ता में कुमाऊं मीडिया प्रभारी चन्दन बिष्ट, जिला मीडिया प्रभारी भुवन भट्ट मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर