भाजपा ने इलाहाबाद से नीरज त्रिपाठी व फूलपुर से प्रवीण पटेल को बनाया प्रत्याशी

बधाई देते

प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने फूलपुर लोकसभा सीट से प्रवीण सिंह पटेल और इलाहाबाद संसदीय सीट से नीरज त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। प्रवीण पटेल फूलपुर से विधायक हैं ,जबकि नीरज त्रिपाठी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व राज्यपाल स्व.केसरी नाथ त्रिपाठी के पुत्र और इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता हैं। बुधवार को दोनों प्रत्याशियों की घोषणा होने पर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई।

-नीरज त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाने से वकीलों में हर्ष की लहर

इलाहाबाद उच्च न्यायालय में प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज त्रिपाठी को इलाहाबाद लोकसभा संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी घोषित किए जाने पर हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने हर्ष प्रकट करते हुए खुशी जाहिर की है। अधिवक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में अधिवक्ताओं की अग्रणी भूमिका रही है। ऐसे में एक अधिवक्ता को प्रत्याशी बनाया जाना गौरव का विषय है। साथ ही अधिवक्ताओं ने शीर्ष नेताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह को बधाई देते हुए आभार जताया है। अधिवक्ताओं ने भारी मतों से नीरज त्रिपाठी की अग्रिम जीत की शुभकामनाएं दी हैं।

भाजपा लीगल सेल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश की अध्यक्षता में उच्च न्यायालय में हुई बैठक में भाजपा कार्यकारिणी सदस्य मृत्युंजय तिवारी, बीके सिंह रघुवंशी, संजय यादव, सभाजीत सिंह, ईशान, कृष्णजी शुक्ल, बी पी शुक्ल, बाल मुकुंद सिंह, एके मित्र, जेपी राय, प्रदीप द्विवेदी, केडी मालवीय, बृजेश यादव, बृजेश श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, मनीष द्विवेदी, सुमित केसरवानी, अशोक राय, सीपी गुप्ता, आरसी वर्मा, आरसी शुक्ल आदि शामिल रहे।

इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी की पत्नी कविता त्रिपाठी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री भी हैं। नीरज त्रिपाठी वर्तमान में इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता हैं। उनकी गिनती बेदाग एवं लोकप्रिय अधिवक्ताओं में होती है। केसरी नाथ त्रिपाठी ने अपने जिंदा रहते कभी बेटे को राजनीति में नहीं भेजा। वह हमेशा कहते थे कि राजनीति को व्यापार नहीं बनाना चाहिए। वह परिवारवाद के खिलाफ थे। उन्होंने अंतिम समय में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सही व्यक्ति का चुनाव करने का संकल्प दिलाया था।

फूलपुर प्रत्याशी प्रवीण पटेल ने कहा कि मेरे अपने संसदीय फूलपुर क्षेत्र से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ने मुझ पर विश्वास जताते हुए प्रत्याशी बनाया है। इसके लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का उन्होंने आभार व्यक्त किया। बता दें कि, लोकसभा फूलपुर क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए प्रवीण सिंह पटेल फूलपुर विधानसभा से तीसरी बार विधायक बने हैं। प्रवीण पटेल के पिता महेंद्र प्रताप सिंह भी विधायक रह चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर