लोकसभा चुनाव: अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम ने होटल, रेस्टोरेंट मालिकों के साथ की बैठक

-चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए किया प्रेरित, क्रिटिकल बूथ का भी निरीक्षण

वाराणसी,10 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रशासनिक अफसर भी लगातार विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर रहे है। बुधवार को अपर नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम) प्रज्ञा सिंह ने एसीपी भेलूपुर के साथ संयुक्त रूप से स्थानीय कार्यालय में थाना क्षेत्र के होटल व रेस्टोरेंट के मालिकों व प्रबंधकों के साथ बैठक की।

उन्होंने लोकसभा निर्वाचन के दौरान अपने मताधिकार का शत-प्रतिशत प्रयोग किए जाने के लिए होटल प्रबंधन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत होटल में निवास करने वाले, खाना खाने वाले व अन्य कार्यक्रम संपादित करने वालों को जागरूक करने के संबंध में वार्ता किया।

प्रज्ञा सिंह ने कहा कि उनके होटल व रेस्टोरेंट में जो लोग भी खाना खाने या अन्य कोई किसी वैवाहिक, धार्मिक कार्यों हेतु आते हैं उन्हें यह जागरूक किया जाए कि लोकतंत्र में मतदान एक पर्व की तरह है, मतदान उनका अधिकार है और कर्तव्य भी है, तो ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग मतदान अवश्य करें। बैठक में प्रभारी निरीक्षक लंका भी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रज्ञा सिंह ने क्षेत्र के क्रिटिकल बूथ का निरीक्षण किया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/मोहित

   

सम्बंधित खबर