गहलोत ने मुख्यमंत्री रहते हुए सरकारी मशीनरी का किया दुरूपयोग, मेरे खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा झूठे मुकदमे चलवाए - राजेन्द्र सिंह गुढ़ा

जयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता राजेन्द्र सिंह गुढ़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सरकारी मशीनरी के दुरूपयोग का आरोप लगाया। ग़ढ़ा ने कहा कि मेरे खिलाफ पुलिस एक्ट और पोक्सों के मामलों सहित करीब आधा दर्जन झूठे मुकदमे चलाए गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में एकनाथ शिंदे के साथ भाजपा की जो बात हुई है उसी के अनुसार हम भाजपा को पूरा समर्थन देंगे और सहयोग करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में चुनाव प्रचार के लिए जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसे पूरा करेंगे।

पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा बुधवार को जयपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में राजस्थान महिला अत्याचारों के मामले में देश में सबसे आगे था। जब मैंने इसके खिलाफ सदन में आवाज उठाई तो मुझे बर्खास्त कर दिया गया और बदले की भावना से मेरे खिलाफ कार्रवाई की गई। 2024 लोकसभा चुनाव में हम राजस्थान की सभी 25 सीटों पर भाजपा के साथ प्रचार प्रसार करेंगे और मुख्य रूप से जालौर, सिरोही, झुंझुनू और सीकर लोकसभा क्षेत्रों में बड़ी सभाएं आयोजित करेंगे। मेरा दावा है कि हम तीसरी बार 25 सीटें जीतकर हैट्रिक लगाएंगे।

पत्रकार वार्ता को भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शिवसेना के सहयोग से हमें राजस्थान में कई सीटों पर सहयोग मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के चलते आज भाजपा परिवार से जुड़ने के लिए सभी में उत्साह है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच और भाजपा प्रदेश मीडिया के संयोजक प्रमोद वशिष्ठ मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ इंदु/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर