कुत्ते के चक्कर में तीन को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

हरिद्वार, 11 अप्रैल (हि.स.)। कुत्तों को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट कर डाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के नंदा कॉलोनी की है।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि आजाद सिंह चौधरी निवासी नंदा कॉलोनी ने तहरीर देकर बताया कि रात्रि करीब 9.30 बजे वह अपनी पत्नी और पड़ोसी नारायण सिंह नेगी के साथ कॉलोनी में घूम रहे थे। वहीं बुद्धि सिंह निवासी नंदा कॉलोनी रुड़की भी अपने कुत्ते को टहला रहे थे। उसी समय एक स्ट्रीट डॉग उसके कुत्ते की ओर झपटा। बुद्धि सिंह ने उस कुत्ते को एक बड़े पत्थर से मारा। उस पत्थर की चपेट में आने से वह भी बच गए।

उन्होंने बुद्धि सिंह को इस प्रकार लापरवाही से पत्थर मारने पर टोका तो बुद्धि सिंह ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इतना ही नहीं बुद्धि सिंह ने अपने बेटे अनूप व कॉलोनी के बचन सिंह नेगी, ऋषभ पुत्र बचन सिंह, अजय भंडारी, गुलशन आदि को वहा बुला लिया और सभी ने तीनों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा व महिला के साथ अभद्रता की। पुलिस द्वारा घटना की फुटेज प्राप्त कर ली है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर