उप्र में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना

- बंगाल की खाड़ी से आ रही आर्द्रता भरी हवाएं बादलों का ले रहीं रूप

कानपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। देश में इन दिनों कई प्रकार के मौसमी सिस्टम काम कर रहे हैं, जिससे मौसम में बराबर बदलाव देखा जा रहा है। गुरुवार की भांति शुक्रवार को भी दूसरे पहर धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकी। हालांकि दिन में तापमान सामान्य से अधिक होने से गर्मी सताती रही। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो दिन इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इन दिनों मेघ गर्जन और ओलावृष्टि के साथ वज्रपात भी हो सकता है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में अपनी धुरी के साथ जो समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, लगभग 76 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 26 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रहा है। चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ ईरान और आसपास के क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 3.1 और 12.6 किमी ऊपर है।

चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से गुजरात और कोंकण के होते हुए एक निम्न दबाव की रेखा तटीय कर्नाटक तक बनी हुई है। बिहार और इससे जुड़े इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मराठवाड़ा और इससे सटे महाराष्ट्र पर है।

मौसम की इन गतिविधियों की वजह से बंगाल की खाड़ी से लगातार आर्द्रता वाली हवाएं मैदानी क्षेत्रों पर आ रही हैं। इससे आसमान में बादल बन रहे हैं और यह बादल मेघ गर्जन के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली में भी परिवर्तित हो रहे हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। धूल भरी आंधी वाले यह बादल फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में किसानों को सलाह दी जाती है कि अपने अनाजों को सुरक्षित स्थान पर रख लें।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 47 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 29 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.7 और दूसरे पहर करीब 40 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, धूल भरी आंधी, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर