भाजपा उम्मीदवार को जिताने में जुटे एनडीए गंठबंधन के सहयोगी दल

कानपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। एनडीए गठबंधन में भाजपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल,अपना दल एस, सुहेलदेव भारतीय पार्टी, निषाद पार्टी भी लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रमेश अवस्थी को जिताने में जुट गए हैं। सहयोगी दलों ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए बूथ स्तर पर मतदाताओं को प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियां बताएंगे।

भाजपा केंद्रीय कार्यालय में शुक्रवार को एनडीए गठबंधन के दलों की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय लोक दल, अपना दल एस, सुहेलदेव भारतीय पार्टी और निषाद पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। कानपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी रामशरण कटियार ने कहा कि सभी दलों के पार्टी कार्यकर्ता घर घर जाकर मतदाताओं से संपर्क व संवाद कर मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएं। सभी सहयोगी दलों के कार्यकर्ता एकजुट होकर एनडीए गठबंधन को जिताने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव हिंदुस्तान का इतिहास लिखेगा। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के मुस्लिम समाज के कार्यकर्ताओं को ईद की शुभकामनाएं भी दी।

बैठक में तय हुआ कि सभी दल भाजपा उम्मीदवार के साथ अलग-अलग बैठकें कर रमेश अवस्थी को जिताने के लिए जनता से अपील करेंगे। अपना दल एस विधायक सरोज कुरील ने कहा कि सहयोगी दलों ने नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने का संकल्प लिया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन देश में 400 से ज्यादा सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के कार्यकर्ता पन्ना प्रमुख बनेंगे।

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि पार्टी विधानसभा स्तर पर नुक्कड़ सभाएं करेगी। विधानसभा स्तर पर कार्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के कार्यकर्ता टोली बना कर घर घर संपर्क करेंगे और पीएम मोदी की उपलब्धियां बताकर कमल के फूल के लिए वोट मांगेंगे।

इस दौरान रमाकांत त्रिपाठी,मणिकांत जैन,जिलाध्यक्ष दीपू पांडे,नवीन श्रीवास्तव,प्रभात त्रिपाठी, राज निषाद,मो उस्मान,सत्य प्रकाश कुरील आदि मौजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर