दस साल में मोदी सरकार ने देश को सम्मान दिया: आरएलडी सुप्रीमो जयंत चौधरी

बीकानेर, 13 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) सुप्रीमो जयंत चौधरी ने शनिवार को कहा कि बीते दस साल में मोदी सरकार ने देश को सम्मान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा। मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया वो पूरी किसान बिरादरी का सम्मान है। उन्होंने कहा, भारत रत्न मिलने के बाद विपक्षी दलों की सोच सामने आई है।

लोकसभा चुनाव-2024 में बीकानेर से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के समर्थन में श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के किसान सम्मेलन में चौधरी ने मारवाड़ी में कहा पगड़ी में थारो सांसद घणोई चोखो लागे। चौधरी चरण सिंह ने खुले मंच से इस बात को उठाया ये देश के लिए दुर्भाग्य की बात है, हमारी माताओं और बहनों को खुले में शौच करने को मजबूर है, उनकी जो सोच थी कि महिलाओं को खुले में शौच से मुक्ति मिले वो प्रधानमंत्री ने साकार कर उन्हें सच्ची पुष्पाजंलि दी है। आज ओबीसी वर्ग के लिए 13 हजार करोड़ की विश्वकर्मा योजना लांच की जिससे ओबीसी वर्ग को लाभ मिलेगा। उन्होंने पर्यावरणविद श्यामसुंदर ज्याणी को याद करते हुए कहा कि सीट के या राजनीति के लिए नहीं किसान कौम की राजनीति मजबूत करने को एनडीए में शामिल हुआ हूं। चौधरी ने जात-पात की भावना से ऊपर उठकर भाजपा को वोट देने की अपील की। चौधरी ने कहा कि अर्जुनराम के लिए कोई कसर मत छोडऩा। चौधरी ने कहा कि जो सरकार चौधरी चरण सिंह को सम्मान दे सकती है वह हमेशा किसानों का उत्थान करेगी। किसानों के प्रति सरकार की जिम्मेदारी और हमारी जवाबदेही है।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मंजिंदर सिंह ने किसान हित में भाजपा को वोट देने के लिए आह्वान किया।इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, आरएलडी नेता सुभाष गर्ग व बिजनौर सांसद मलूक नागर सहित विश्वकर्मा बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, जिलाध्यक्ष जालमसिंह भाटी व पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत ने अपनी बात कही। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र चुरा व विक्रमसिंह राजपुरोहित ने किया।

खराब मौसम के बाद पहुंचे किसान, थामा भाजपा का दामन

खराब मौसम के बावजूद क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे। इस दौरान मंच पर रामप्रताप सारण, मालाराम सेरडिया, कुंभाराम गोदारा, तोलाराम नाई, तेजनाथ सिद्ध, राजेश पूनियां, मोडनाथ सिद्ध ने भाजपा ज्वाईन की। इन सभी का भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल ने पार्टी दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

   

सम्बंधित खबर