भरतपुर में जाट महापड़ाव के पांचवें दिन वार्ता नहीं होने पर आंदोलन उग्र करने की चेतावनी

भरतपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। जाट समाज का भरतपुर-धौलपुर ओबीसी आरक्षण मांग को लेकर रविवार को पांचवें दिन भी महापड़ाव जारी रहा। जयचौली गांव में आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेम सिंह फौजदार ने कहा कि सोमवार को अगर पांच बजे तक वार्ता होती है, तो ठीक नहीं तो संघर्ष समिति जो तय करेगी वही होगा। उन्होंने कहा जब तक केंद्र से अधिसूचना जारी नहीं हो जाएगी, तब तक महापड़ाव नहीं उठेगा। 22 के बाद आंदोलन निश्चित रूप से होगा, बड़ा होगा और उग्र होगा। रविवार को ही महापड़ाव स्थल पर डीग कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह सरकार का संदेश लेकर पहुंचे थे।

आरक्षण संघर्ष समिति संयोजक नेम सिंह फौजदार ने बताया कि 22 जनवरी की शाम पांच बजे तक संघर्ष समिति ने जो आंदोलन तय किया वह उसी रीति-नीति से चलेगा। कल 11 बजे हवन किया जाएगा, उसके बाद भगवान श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कर कार्यक्रम है। उसको लेकर पूजा अर्चना की जाएगी। सरकार की तरफ से सुबह डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह आए थे। वह वार्ता के लिए संदेश लेकर आए थे। सीएम से वार्ता होनी है। 11 सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। अगर कल वार्ता का समय तय होता है और पांच बजे से पहले-पहले वार्ता हो जाती है तो ठीक है। अन्यथा पांच बजे के बाद जो संघर्ष समिति रणनीति तय करेगी। अंदरखाने जो हमारी तैयारी है उसी के अनुसार काम करेंगे। जब तक अधिसूचना केंद्र में आरक्षण की जारी नहीं होगी। तब तक आंदोलन आर पार का रहेगा।

उन्होंने कहा कि हमारा उग्र आंदोलन करने का कोई विचार नहीं है। हम गांधीवादी तरीके से बार-बार सरकार को न्योता दे रहे। मुख्यमंत्री भरतपुर से ही है इसलिए हम इतना समय दे रहे हैं। कल भगवान श्री राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है। इस वजह से हम बार-बार शांति की बात कर रहे हैं। हमने जो निर्णय कर रखा है। आंदोलन 22 के बाद निश्चित तौर पर बड़ा होगा, उग्र होगा। वार्ता से समाधान हो जाता है तो, सरकार का धन्यवाद देंगे। हमारा समाधान केंद्र से होना है। सीएम केंद्र में बात करेंगे।

महापड़ाव में पहुंचे डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह ने बताया कि आपके सारे काम पक्के हैं। ओबीसी आयोग का सर्वे पक्का है, किसी चीज में कोई कमजोरी नहीं है। आपको केवल अपनी आवाज उठानी थी वह आपने उठा दी। सरकार आपके साथ है। मैंने प्रतिनिधि मंडल के लिए निवेदन किया है। जयपुर में समय ले लेता हूं। जयपुर से बाद दिल्ली में मुलाकात हो जाए। निश्चित तौर पर आरक्षण का लाभ हमारे युवा साथियों को मिलेगा। आरक्षण के अलावा भी कुछ मांगे हैं वह भी पूरी हो जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर