उप्र में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना

कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही आर्द्रता भरी हवाएं उत्तर प्रदेश में घने बादलों पर परिवर्तित हो रही हैं। जिससे मौसम में बदलाव बना हुआ है। शनिवार को भी दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दो दिन मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई हैं। इस दौरान तेज धूल भरी आंधी भी चलेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को ईरान और आसपास के क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 3.1 और 9.6 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है। सौराष्ट्र और कच्छ तथा आसपास के इलाकों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से गुजरते हुए आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ/हवा का विच्छेदन औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश के निचले स्तर पर बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी उड़ीसा के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर है। कोमोरिन क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम की इन गतिविधियों से आगामी दो दिन उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक होने के बावजूद गर्मी का अधिक प्रकोप नहीं रहेगा। इस दौरान तेज धूल भरी हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ ओलावृष्टि होगी। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश के भी आसार हैं।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 57 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 26 प्रतिशत रही। हवाओं की औसत गति 5.0 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों मे मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, धूल भरी आंधी, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर