रायगढ़ : हाथी के हमले से महिला की मौत, एक ग्रामीण घायल, इलाज जारी

रायगढ़ , 14 अप्रैल (हि.स.)। वन मंडल रायगढ़ में आज रविवार की सुबह जंगल महुआ बीनने कई महिला का सामना हाथी से हो गया। ऐसे में हाथी के हमले से महिला की मौत हो गई। वहीं एक अन्य ग्रामीण ने भाग कर अपनी जान बचायी, लेकिन वह घायल हो गया, जिसे ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक तमनार वन परिक्षेत्र के अंतर्गत झिंगोल में रहने वाली कलावती पति सुखसिंह राठिया, उम्र 56 वर्ष गांव की रामकुमारी के साथ जंगल महुआ बीनने गई थी, लेकिन रामकुमारी जंगल से लौट गई, तभी कक्ष क्रमांक 842 पीएफ में कलावती का हाथी से सामना हो गया और हाथी के हमले से कलावती की मौत हो गई। वहीं जंगल गए आमाघाट निवासी रामलाल पिता अजोर सिंह राठिया ने भाग कर अपनी जान बचायी, लेकिन वह घायल हो गया। घटना के बाद मामले की सूचना वन अमला को दी गई। घायल को ईलाज के लिए प्रथामिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए भर्ती कराया गया है और विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पांच हाथियों का दल कर रहा विचरण

घरघोड़ा सबडिविजन एसडीओ केपी डिंडोरे ने बताया कि आज रविवार सुबह करीब आठ बजे की यह घटना है। घायल को इलाज के लिए तमनार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। तमनार वन परिक्षेत्र में करीब पांच हाथियों का दल विचरण कर रहा है और हाथी प्रभावित क्षेत्र में बचाव के लेकर मुनादी करायी जाती है।

इस विषय पर रायगढ़ वन मंडल के मंडलाधिकारी स्टाइलो मंडावी ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि हाथी के हमले से महिला की मौत हुई है। एक ग्रामीण ने भाग कर अपनी जान बचायी, लेकिन वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये तात्कालिक सहायता राशि दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर