भाजपा का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा : कांग्रेस

लखनऊ, 14 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। मात्र तेरह दिन में तैयार किये गये इस घोषणा पत्र में न तो रोजगार की बात है और न ही देश के विकास की बात। भाजपा सिर्फ बर्गलाकर, लोगों से झूठ बोलकर देश पर शासन करना चाहती है। जनता सब जान चुकी है। अब भाजपा सत्ता में नहीं आने वाली है। ये बातें कांग्रेस के उप्र मीडिया प्रभारी सी.पी. राय ने कही।

वे रविवार को भाजपा के घोषणा पत्र पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी 30 मार्च को भाजपा ने घोषणा पत्र समिति की घोषणा की और आज यह बनकर तैयार हो गया। उसमें एक बार भी भाजपा के शासन काल के विदेश नीति और अन्य कार्यों का उल्लेख नहीं है, जबकि सत्ताधारी पार्टी को घोषणा पत्र से पूर्व श्वेत पत्र लाना चाहिए। आज 30 लाख से अधिक पद खाली हैं और बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन भाजपा ने पांच साल तक रोजगार देने पर कुछ भी काम नहीं किया।

डा. सी.पी. राय ने कहा कि आज मुद्दा रोजगार का है। आज मुद्दा संविधान बचाने का है। आज मुद्दा भारत की अखंडता की है, जिन पर भाजपा बात नहीं करती। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवियों की बहुत बड़ी चिंता है कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद उसकी पूरी कमान आर.एस.एस के हाथों में होगा। भाजपा नेता सिर्फ कठपुतली की तरह काम करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर