इतिहास में दर्ज होगा कि, कांग्रेस ने राममंदिर का विरोध किया- शिवराज सिंह चौहान

भोपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने बैसाखी के पावन पर्व पर भोपाल के तात्या टोपे नगर स्थित गुरूद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और सबके मंगल की कामना की। उन्होंने बालाघाट संसदीय क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी भारती पारधी के समर्थन में 10 से ज्यादा गांवों में पहुंचकर चुनाव प्रचार किया। साथ ही कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसभा को संबोधित किया।

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा था। आनंद और उत्सव में देश डूबा हुआ था, नौजवानों का उत्साह चरम पर था, लेकिन कांग्रेस पार्टी गमगीन थी। निमंत्रण उन्हें भी दिया था लेकिन उन्होंने लिखित में कहा कि, हम नहीं जाएंगे। जब तक धरती रहेगी तब तक ये बात इतिहास में रहेगी कि, कांग्रेस ने राममंदिर का विरोध किया था। सभी विचारवान नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। कांग्रेस की हालत ये हो गई है कि, इंदिरा जी की सीट रायबरेली से अब कांग्रेस को उम्मीदवार ही नहीं मिल रहा है। दुगर्ति ऐसी हो गई कि, मैडम सोनिया ने कह दिया मैं चुनाव नहीं लडूंगी उनकी राज्यसभा में बैकडोर से एंट्री हुई है। सोनिया गांधी मैदान छोड़ गई और राहुल गांधी अमेठी छोड़कर वायनाड चले गए। कांग्रेस समाप्ति की ओर है।

भाजपा का संकल्प पत्र

शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के घोषणा पत्र को लेकर कहा कि बाबा साहेब के जन्मदिन पर जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति का यह संकल्प पत्र है। जिसको केवल कुछ लोगों ने बैठकर नहीं बनाया बल्कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर 15 लाख से ज्यादा सुझाव आए हैं। व्यक्तियों, संस्थाओं ने सुझाव दिए हैं। सही अर्थों में यह जनता का जनता के लिए और जनता के द्वारा संकल्प पत्र है। जिसमें 2047 का भारत कैसा होगा इसका रोडमैप बनाया गया है। विकसित भारत के लक्ष्य और पूर्ति के लिए हर संभव उपाय समाज के हर वर्ग का कल्याण इस पर निहित है। उन्होंने कहा कि, एक तरफ इंफ्रा का विकास टूरिज्म को आगे बढ़ाने से लेकर अनंत रोजगार की संभावना वाला संकल्प है। यह गरीबी से पूर्णता मुक्ति का संकल्प पत्र है। यह नारी सशक्तिकरण का संकल्प पत्र है। तीन करोड़ लखपति दीदी बनेंगी यह किसानों की आय बढ़ाने का संकल्प पत्र है। इसमें जनता की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए उनकी पूर्ति के लिए ठोस रोडमैप है और मैं समझता हूं कि सारा देश इसका स्वागत करेगा।

हर बहन बनेगी लखपति दीदी

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, मैंने बचपन में देखा था कि, बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता था। मैं सांसद बना तो बेटियों की शादी करवाना शुरू किया। फिर मुख्यमंत्री बना तो सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी बनाने का सौभाग्य मिला। फिर बहनों को लाड़ली बहना बनाने का सौभाग्य मिला। अब लखपति बहना बनाना है। क्यों बहन गरीब रहे, क्यों आंसुओं के समुद्र में डूबी रहे। दुख के समुद्र में नहीं डूबने देंगे। तुम्हें ही जीने और मुस्कुराने का अधिकार है। प्रधानमंत्री ने भी संकल्प पत्र में कहा है लखपति दीदी योजना। लखपति दीदी का मतलब है हर बहन की आय सालाना 1 लाख रुपये से ज्यादा हो।

कार्यकर्ता ही हमारे प्राण हैं

शिवराज सिंह ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार 400 पार का लक्ष्य रखा है। भाजपा अकेले 370 और एनडीए के साथ 400 पार का टारगेट है। उन्होंने कहा कि, 400 पार का ये लक्ष्य हमारे कार्यकर्ताओं के बिना पूरा नहीं हो सकता है, कार्यकर्ता ही हमारे प्राण हैं। इसलिए अपने-अपने घरों से निकलें और प्रचार में जुट जाएं। वहीं हर बूथ पर मजबूती के साथ काम करें। घर-घर जनसंपर्क करें और मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दें। उन्होंने कहा कि, 400 पार के लक्ष्य को पूरा करना है और मध्यप्रदेश से 29 खिले हुए कमल के फूलों की माला मोदी के गले में डालना हैं और मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनेगा विकसित भारत

उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युगपुरूष हैं, उन्होंने अद्भुत काम किए हैं। मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस की सरकार में दुनिया में कहीं भी भारत का मान-सम्मान नहीं था, लेकिन मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से पूरे विश्व में भारत का डंका बजा है। पहले छोट-छोटे देश हमें डराते थे, पाकिस्तान भी आंखें दिखाता था, लेकिन मोदी ने कह दिया कि ये नया भारत है। हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन हमें किसी ने छेड़ा तो हम छोड़ेंगे भी नहीं। जिन अंग्रेजों ने हम राज किया आज भारत ने उन्हें भी पीछे छोड़ दिया है। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है और मोदी जी के तीसरे टर्म में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी के नेतृत्व में ही विकसित भारत बनेगा और हमारा देश, सारी दुनिया को दिशा दिखाएगा।

शिवराजमय हुआ सिवनी

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान, लगातार प्रदेशभर में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। रविवार को पूर्व सीएम, बालाघाट लोकसभा क्षेत्र में 3 स्थानों पर जनसभा और प्रचार के लिए पहुंचे। इस दौरान पूरा क्षेत्र शिवराजमय नज़र आया। यहां शिवराज सिंह चौहान को सुनने जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़े-बुजुर्गों ने शिवराज के सिर पर हाथ रख उन्हें आशीर्वाद दिया तो वहीं बहनों ने भैया को तिलक लगाकर, आरती उतारकर उन्हें चुनाव लड़ने के लिए पैसे दिए। भांजे-भांजियों ने मामा-मामा के नारे लगाए और उनसे लिपट गए। तो वहीं युवाओं ने फूलों की माला पहनाकर अपनी खुशी ज़ाहिर की। पूर्व मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर, शीश झुकाकर सबका अभिवादन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर