उप्र में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना

- आसमान में छाये बादलों से गर्मी का प्रकोप रहा कमजोर

कानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। देश में कई प्रकार की मौसमी गतिविधियां सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश के मौसम में बराबर बदलाव देखा जा रहा है। तापमान सामान्य से अधिक होने के बावजूद आसमान में छाये बादल गर्मी के प्रकोप को कमजोर कर रहे हैं। वहीं तेज हवाएं भी गर्मी में राहत दे रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि एक दो दिन ऐसा ही मौसम रहेगा और धूल भरी आंधी के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे सटे ईरान के पूर्वी हिस्से में समुद्र तल से 3.1 से 12.6 किलोमीटर ऊपर स्थित है। भारतीय निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों और संबंधित चक्रवाती परिसंचरण पर स्थित है और औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर कम दबाव वाले क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से लेकर दक्षिण उत्तर प्रदेश और दक्षिण बिहार होते हुए पूर्वी झारखंड तक औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैली हुई है। कोमोरिन क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ/हवा का विच्छेदन कोमोरिन क्षेत्र पर उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से लेकर केरल और आंतरिक कर्नाटक से होते हुए कोंकण और गोवा तक फैला हुआ है। असम पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश का आसमान बादलों से घिरा हुआ है और यह बादल पर्याप्त आर्द्रता के कारण मेघ गर्जन भी करते हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली भी चमकने की संभावना है और तेज धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार हैं।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 64 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 39 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.6 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, धूल भरी आंधी, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/मोहित

   

सम्बंधित खबर