भाजपा का संकल्प पत्र मात्र एक जुमला पत्र : संजय सिंह

मेरठ, 16 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के नेता व सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र मात्र एक जुमला पत्र है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को एमएसपी पत्र आदि मुद्दे इस संकल्प पत्र से गायब है। भाजपा 400 सीट मिलने के बाद देश में संविधान, आरक्षण और चुनाव खत्म कर देगी।

मुजफ्फरनगर जाते हुए मंगलवार को आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह का मेरठ में मोदीपुरम बाईपास पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा 400 पार का नारा लगा रही है,। सही मायने में भाजपा की नीयत सरकार बनाने के लिए बहुमत की नहीं है, बल्कि 400 से ज्यादा सीटें पाकर संविधान को खत्म करने की मंशा है। भाजपा नेता लगातार संविधान को बदलने या खत्म करने की बात कह रहे हैं। अयोध्या से भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह ने दो तिहाई से ज्यादा सीटें पाकर संविधान खत्म करने की बात कही। पूर्व सांसद अनंत हेगड़े और ज्योति मिर्धा भी संविधान खत्म करने की बात कह चुके हैं। मेरठ के भाजपा उम्मीदवार अरुण गोविल भी संविधान बदलने की बात कह रहे हैं। इससे साफ है कि अगर भाजपा 2024 के चुनाव में गलती से भी जीत गई तो भाजपा संविधान, आरक्षण और चुनाव को खत्म कर देगी। आईएनडीआईए गठबंधन भाजपा को रोकने के लिए काम कर रहा है। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वेस्ट यूपी अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी दिल्ली के विधायक दिलीप पांडेय, मेरठ महानगर अध्यक्ष अंकित गिरि, हर्ष कालरा, जिला मीडिया प्रभारी हर्ष वशिष्ठ, एसके शर्मा, भूप सिंह, मनोज शर्मा आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर