उत्तर प्रदेश में लू से अभी राहत नहीं

कानपुर, 12 जून (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी से मानसून आगे बढ़ रहा है जिसका असर उत्तर प्रदेश में भी पड़ रहा है। इससे उत्तर प्रदेश में बादलों की आसमान में आवाजाही तो बनी है पर तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं। ऐसे में फिलहाल मानसून आने तक उत्तर प्रदेश में लू का कहर बरकरार रहेगा। हालांकि बीच-बीच में स्थानीय स्तर पर तेज धूल भरी आंधी के साथ मेघ गर्जन की भी संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। दक्षिणी मध्य प्रदेश, दक्षिणी गुजरात और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।

गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल, कानपुर मंडल सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति संभव है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति संभव है। उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 44.8 और न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 29 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 14 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं और बदलों की आवाजाही के बीच गर्मी और लू बने रहने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/पवन

   

सम्बंधित खबर