श्रीराम के सूर्य् तिलक पर सीएम मोहन यादव बोले- इस सौभाग्यशाली दिन के लिए हर हिंदू प्रधानमंत्री का आभारी

जबलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। आचार संहिता के तहत चुनाव प्रचार समाप्त होने के एक घंटा पहले सीएम मोहन यादव जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने होटल नर्मदा जंक्शन में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज राम नवमी के अवसर पर प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता को प्रदेश की खुशहाली एवं प्रगति के लिए बधाई देता हूँ। राम लला के जन्मोत्सव के अवसर पर आज दोपहर 12 बजे सीधे सूर्य की किरणों से रामलला का अभिषेक संपन्न हुआ है। आप सभी को यह अदभुत क्षण देखने का अवसर प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाली भारत सरकार के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण आज रामलला टेंट से उठकर भव्य राम मंदिर में विराजमान हैं। संपूर्ण भारत वर्ष में लोकसभा के सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलित हैं। आज का दिन सभी हिंदुओं के लिए सौभाग्य का दिन है। आज पांच सौ साल बाद अयोध्या में भगवान राम का जन्मोत्सव भव्य मंदिर में मनाया जा रहा है। भारत की 140 करोड़ आबादी के लिए इससे बड़ी खुशी कोई और नहीं हो सकती। सूर्य भगवान ने किरणों से भगवान राम का तिलक किया है। इस सौभाग्यशाली दिन के लिए हर हिंदू प्रधानमंत्री मोदी का आभारी है।

उन्होंने कहा कि अब जब हर हिन्दू की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक भगवान राम की बाल स्वरूप में प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को हुई, तब भी कांग्रेस उसमें शामिल नहीं हुई। हर हिंदू के मन में कांग्रेस के इस व्यवहार से ठेस पहुंची है। यदि कांग्रेस राम की नहीं है, तो भारत के किसी काम की नहीं है। वर्ष 2014 के बाद भारत का मतदाता कांग्रेस को यह अहसास करा रहा है। भारत के मतदाता ने इसीलिए भाजपा को अबकी बार चार सौ पार ले जाने का प्रण किया है। कांग्रेस के युवराज राहुल बाबा को मतदाताओं ने उत्तर भारत से धक्का मारकर दक्षिण भारत की तरफ धकेल दिया है। राहुल अगर अब भी नहीं सुधरे तो मतदाता उन्हे दक्षिण से समुद्र पार कराने से भी पीछे नहीं हटेंगे। त्रेतायुग में भगवान राम ने असुरों का वध कर प्रजा और ऋषि-मुनियों को अनके उत्पीड़न से मुक्ति दिलाई थी।

मोहन यादव ने कहा कि अब लोकतंत्र में मतदाता भाई बहन अपने मन में बसे राम की इच्छा के अनुसार फैसले सुनाकर राम विरोधियों को सबक सिखा रहे हैं। इसीलिए अबकी बार चार सौ पार के संकेत दसों दिशाओं से मिल रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार नक्सलवाद, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, अपराध, अन्याय, भेदभाव, गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई और प्रदूषण जैसे असुरों से भारत को मुक्त करने के अभियान में जुटी है।

उन्होंने कहा कि राहुल बाबा का तो कहना ही क्या वे तो चीन जैसे भारत विरोधी देशों के साथ खड़े दिखाई देते हैं। इतिहास गवाह है कि चाहे धारा 370 की बात हो या फिर तुष्टीकरण और आतंकवादियों, नक्सलियों के फलने-फूलने और घृणित नरसंहारों को अंजाम देने की बात, भारत देश और यहां का हर मतदाता कांग्रेस को इन मुद्दों पर कभी माफ नहीं करेगा। इसीलिए भारत का मतदाता कांग्रेस को किनारे लगा रहा है और भाजपा को अबकी बार चार सौ पार लेकर जा रहा है। छत्तीसगढ़ में 29 नक्सली ढेर करने वाले हमारे बीएसएफ के जवानों और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व पुलिस बल को सेल्यूट। अब देश में कोई नक्सली नहीं बचेगा। आतंकवाद और नक्सलवाद का पूरी तरह से सफाया हो रहा है। देश में अमन और चैन, सुख और शांति अगर आई है तो केंद्र की मोदी सरकार लाई है। काल का प्रवाह है कि देश को मोदी और शाह जैसा नेतृत्व मिला है। कांग्रेस सरकारों ने नक्सलवाद और आतंकवाद को पाला-पोसा और बढ़ा किया। हजारों निर्दोष इनके तांडव में काल के गाल में समा गए। और अब नक्सलियों और आतंकवादियों की भारत की जमीन में कोई जगह नहीं है। छत्तीसगढ़ में कोई जगह नहीं है और मध्यप्रदेश में भी कोई जगह नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विलोक पाठक/मुकेश

   

सम्बंधित खबर