भागलपुर में कितने उद्योग-धंधे लगे बताएं सीएम : अरुण यादव

भागलपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में नीतीश भाजपा की सरकार 17 वर्षों से है। वहीं केंद्र में जदयू समर्थित भाजपा की विगत 10 वर्षों से सरकार है। इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नवगछिया रंगरा के विनोबा भावे विद्यालय मैदान में आयोजित चुनावी सभा में बताना चाहिए कि उन्होंने 17 वर्षों में भागलपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल कितने उद्योग-धंधे, कल कारखाने, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, आईटी पार्क, इंडस्ट्री स्पेसिफिक क्लस्टर स्थापित करवाए ? श्री यादव ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार ने 39 सांसद एनडीए को दिया।

भागलपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता ने एनडीए उम्मीदवार को जिताया लेकिन भागलपुर को क्या मिला? एनडीए कुछ भी कर ले लेकिन इस बार दाल गलने वाला नहीं है। केंद्र और राज्य सरकार के जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। महंगाई, बेरोजगारी से जनता त्राहिमाम है।

यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा जारी परिवर्तन पत्र में 24 जन वचन पूरे होंगे। बिहार में 17 साल बनाम 17 महीनों की तर्ज पर इंडिया गठबंधन सरकार एक करोड़ नौकरियां देंगे। श्री यादव ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी वायदे किए थे एक भी वायदे पूरा नही किया। सभी वायदे जुमला साबित हुआ। इस बार के लोकसभा चुनाव में मुद्दा बनाम मोदी की लड़ाई है। जनता ने महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर वोट करने का निर्णय लिया है। इंडिया गठबंधन के पक्ष में लहर है। इस लहर में एनडीए का सूपड़ा साफ होगा। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस के उम्मीदवार अजीत शर्मा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिजय/चंदा

   

सम्बंधित खबर