लोस चुनाव : अपराधिक व्यक्तियों के 492 लाइसेंसी शस्त्र जब्त

लखनऊ, 20 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के मदृेनजर उत्तर प्रदेश में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। अपराधिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए अपरााधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत अपराधिक व्यक्तियों के 492 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये गये हैं। वहीं, 4291 लाइसेंसी शस्त्र निरस्त कर जमा कराये गये हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जा रहा है।

इसी के तहत पुलिस, आयकर, आबकारी, नार्कोटिक्स एवं अन्य विभागों की टीमें ताबड़तोड़ कार्रवाईयां कर रही है। प्रदेश में सघन जांच के लिए 513 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट एवं 1859 चेक पोस्ट राज्य के भीतर संचालित हैं।

इसी क्रम में 16 मार्च से 19 अप्रैल तक पुलिस विभाग ने अपराधिक व्यक्तियों के 492 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये। 4291 लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराये गये। शांति भंग की आशंका में सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 24,57,190 लोगों को पाबन्द किये जाने के लिए नोटिस प्रेषित किये गये है, जिनमें से 19,28,329 लोगों को पाबन्द किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने 7168 बिना लाइसेंसी शस्त्र, 7189 कारतूस, 2856.5 किलोग्राम विस्फोटक व 376 बम बरामद कर सीज किये गये। अवैध शस्त्र बनाने वाले 2817 केन्द्रों पर रेड डालते हुए 138 केन्द्रों को सीज किया गया।

19 अप्रैल को भी पुलिस विभाग ने अपराधिक व्यक्तियों के तीन लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराये गये। सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 37,327 लोगों को पाबन्द किया गया। साथ ही 156 बिना लाइसेंसी शस्त्र, 134 कारतूस 03 किलोग्राम विस्फोटक व 08 बरामद कर सीज किये गये। अवैध शस्त्र बनाने वाले 98 केन्द्रों पर रेड डालते हुए 03 केन्द्रों को सीज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/राजेश

   

सम्बंधित खबर