साय सरकार बनते ही कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद किया जा रहा है : भूपेश

रायपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को डोंगरगांव में सभा को संबोधित करते हुये कहा कि पांच साल पहले जब राहुल गांधी आये थे 2018 में तब किसानों से वादा किया था, किसानों का कर्जा माफी होगा। 2500 प्रति क्विंटल में धान खरीद होगी, 35 किलो राशन सभी परिवार को मिलेगा और बिजली बिल हाॅफ सब को मिलेगा। केंद्र सरकार के अडंगा के बावजूद भी, कोरोना काल के बावजूद भी कांग्रेस के छत्तीसगढ़ सरकार किसान, मजदूर, गरीब, महिला, नौजवान के साथ खड़े थे।

उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कोई नहीं सोचा था कि कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी। लेकिन 2023 में हमारी सरकार नहीं बनी। भाजपा सरकार चार महीना में कांग्रेस सरकार की योजना को एक-एक करके बंद कर रहे हैं। जब से विष्णुदेव साय के सरकार बनी है, तब से साय-साय सब कटौती हो रहा है। सबसे पहली गोबर खरीद बंद हुआ साय-साय, रीपा बंद हो गया। राजीव मितान क्लब बंद हो गया। बेरोजगारी भत्ता बंद हो गया। भूमिहीन श्रमिक के पैसा मिलना बंद हो गया। आवास नहीं मिल रहा है पहली किस्त के बाद दूसरा किस्त मिलना बंद हो गया। एक अप्रैल से जमीन की रजिस्ट्री बढ़ गया। दारू की कीमत बढ़ गया साय-साय सरकार चल रही है। जब से साय सरकार बनी है राशन कार्ड आधे लोगों को मिला है आधे को नहीं मिला है। जब से साय सरकार बनी है तब से लूटने का काम किया है। भारत सरकार के द्वारा पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम बढ़े हैं। भूपेश ने कहा कि जिस प्रकार विधानसभा में कांग्रेस सरकार बनते ही सभी वादे पूरे किए गए उसी प्रकार केंद्र में कांग्रेस सरकार बनते ही सभी गारंटियां पूरी होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर