भाजपा संविधान बदलना चाहती है : प्रियंका गांधी

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी।

कांग्रेस की राष्ट्रीय नेत्री प्रियंका गांधी ने बालोद, डोंगरगांव में सभाओं को किया संबोधित

भाजपा लोगों के अधिकारों को कमजोर करना चाहती है

रायपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यह इलाका प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है आप सब मेहनती लोग हैं। आप लोगों की मेहनत के कारण यह प्रदेश मजबूत बना है। हमारा जो स्वतंत्रता संग्राम था गांधी जी ने उसका नेतृत्व किया और उनके साथ बड़े-बड़े नेता एकजुट होकर हमें आजादी दिलाई। संविधान में सबको अधिकार मिलता है। उनमें एक अधिकार यह है कि आप वोट डाल सकते हैं। उसी अधिकार का प्रयोग कर आप कांग्रेस को मजबूत बनाइए।

प्रियंका ने कहा कि अभी चुनाव का समय है। वोट डालने का समय है। चुनाव के समय जनता दो मुद्दों को अपने मन में रखे। पहला कि देश भर में क्या हो रहा है। देश की राजनीति कैसे चल रही है। आगे चलकर देश का क्या होगा, भविष्य क्या होगा। आप जो दिन रात मेहनत कर रहे हैं, उसकी कोई सुनवाई है या नहीं। उन्होंने कहा कि मैं दोनों मुद्दों के बारे में यह बताना चाहूंगी। आप लोगों के जीवन का संघर्ष है आप से ज्यादा इसे कोई नहीं समझता। महंगाई बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है। महंगाई पिछले 10 सालों में हद से ज्यादा बढ़ी है। ये आपकी सबसे बड़ी समस्या है। बेरोजगारी 45 सालों में देश में सबसे ज्यादा हो चुकी है। बेरोजगारी इतनी बढ़ गयी है कि आप अपने बच्चों को कितना भी पढायें लेकिन आपको यह गारंटी नहीं मिल सकती कि पढ़ने लिखने के बावजूद रोजगार मिलेगा कि नहीं।

उन्होंने कहा कि किसानों की बहुत समस्याएं हैं, किसान महंगाई से जूझ रहा है। आज किसान जितने भी खेती के सामान इस्तेमाल करते हैं सब में जीएसटी है सब महंगे हो गये है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गये हैं तो किसान खेती में भी नही कमा पा रहा हैं ये जो आपकी समस्याएं हैं उनको हल करने की कोशिश कांग्रेस की सरकार ने की थी। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी धान को 2500 रुपये में खरीदा जा रहा था। किसानों का कर्जा माफ किया था। भूमिहीनों का सालाना सात हजार मिलते थे। छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनने के बाद चावल में कटौती किया गया। बेरोजगारी भत्ता बंद कर दिया गया। जो भूमिहीनों को पैसा मिलता था वह भी बंद हो गया।

केंद्र की भाजपा सरकार जनता को कोई सुविधा नहीं दे पा रही है। कांग्रेस की सरकारों ने लोगों की संस्कृति की रक्षा की। जल, जंगल, जमीन पर सबका अधिकार है। संविधान हमारे अधिकार की रक्षा करता है। भाजपा के कुछ नेता कह रहे कि 400 सीट मिल जाये तो हम संविधान को बदलेंगे और मंच पर बड़े नेता आते है तो कहते है हम संविधान को नहीं बदलेंगे तो जनता क्या सोचे। यह भाजपा की साजिश है। भाजपा लोगों के अधिकारों को कमजोर करना चाहती है। यही अधिकार, आदिवासियों के संस्कृति को बचाकर रखा है। मोदी उद्योगपतियों का कर्जा माफ करते हैं पर किसानों का कर्जा माफ नहीं करते। किसान आंदोलन करते हैं तो उन पर कानून लगा देते हैं, जिससे किसान पिसेगा ओर बड़े-बड़े उद्योगपतियों का फायदा होता है। देश की बिजली, सड़के, हवाई अड्डे यह सब दो बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिये गये हैं। सरकार तो सिर्फ उद्योगपतियों के लिये है। कांग्रेस ने जो गारंटी दी है वह सब पूरी होगी। इसलिये आप अपने वोट को सोच समझ कर डालिए अपने वोट को अपनी ताकत बनाइये और इस देश में बदलाव लाइये।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर