फूलबाड़ी में 125 दिन के रोजगार कार्य की शुरुआत, ग्रामीणों में ख़ुशी

जलपाईगुड़ी, 02 जुलाई (हि. स.)। करीब चार वर्षों के लंबे इंतजार के बाद फूलबाड़ी में ग्रामीण रोजगार का काम एक बार फिर शुरू हो गया है। केंद्र की ग्रामीण रोजगार योजना ‘विकसित भारत - गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत 125 दिन के काम की गुरुवार से औपचारिक शुरुआत की गई।

गौरतलब है कि इस योजना को पहले 100 दिन का काम या मनरेगा के नाम से जाना जाता था। हाल ही में इसका नाम बदलकर ‘विकसित भारत - गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) कर दिया गया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार ने 125 दिन का काम जल्द शुरू करने का वादा किया था, जिसे सरकार गठन के करीब दो महीने के भीतर पूरा कर दिया गया है। इससे ग्रामीण मजदूरों में उम्मीद जगी है और इलाके में खुशी का माहौल है। गुरुवार को फूलबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत क्षेत्र से इस परियोजना की औपचारिक शुरुआत हुई। दुलाल मुखर्जी के घर से संजय कर्मकार के घर तक कम्युनिटी ड्रेन निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 95 हजार 665 रुपये तय की गई है।

इस मौके पर 27 ग्रामीण मजदूरों की उपस्थिति में फीता काटकर और नारियल फोड़कर काम का शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत सदस्य सपना राय सिंह, समाजसेवी राहुल बर्मन, सूर्य मल्लिक, मामनी दास, उत्तम सरकार, दयाल राय सहित कई लोग उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर