धेमाजी बाढ़ राहत पर केंद्र और राज्य सरकार की पहल से संतुष्ट प्रदेश भाजपा
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
गुवाहाटी, 01 जुलाई (हि.स.)। असम भाजपा ने धेमाजी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर आए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की यात्रा और राहत कार्यों को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट अचिंत प्राण शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं बाढ़ की स्थिति की जानकारी लेकर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश दिए हैं। भाजपा ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धेमाजी जिले के सबसे अधिक प्रभावित सिसिबरगांव और जोनाई क्षेत्रों में पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए प्रति परिवार 1.20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा राज्य सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है।
भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरण रिजिजू ने धेमाजी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों को हरसंभव केंद्रीय सहायता का भरोसा दिया, जिससे प्रभावित लोगों में विश्वास और राहत की भावना उत्पन्न हुई है। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री डॉ. रणोज पेगू भी उनके साथ मौजूद रहे।
भाजपा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी संबंधित विभाग आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, राहत वितरण और बचाव कार्यों में दिन-रात जुटे हुए हैं। सांसद प्रदान बरुवा, विधायक भुवन पेगू और जीवन गोगोई भी राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव अभियान चला रही हैं। भाजपा ने केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित कार्रवाई की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार आगे भी असम के लोगों के साथ खड़ी रहेगी।
----------

