गुवाहाटी बीबीसीआई में 292 बेड की अत्याधुनिक कैंसर यूनिट होगी जल्द शुरू

गुवाहाटी स्थित डॉ. भुवनेश्वर बोरूआ कैंसर संस्थान (बीबीसीआई) परिसर में निर्माणाधीन 292 बेड की अत्याधुनिक बाल एवं वयस्क हीमेटोलिम्फॉयड कैंसर यूनिट की बहुमंजिला इमारत, जिसका काम अंतिम चरण में है।

- पूर्वोत्तर को जल्द मिलेगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट व अत्याधुनिक कैंसर उपचार

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। असम के गुवाहटी में देश के पूर्वोत्तर राज्यों का सबसे बड़ा अस्पताल डॉ. भुवनेश्वर बोरूआ कैंसर संस्थान (बीबीसीआई) में जल्द ही शुरू होने वाली 292 बेड वाली अत्याधुनिक बाल एवं वयस्क हीमेटोलिम्फॉयड कैंसर यूनिट पूर्वोत्तर के हजारों परिवारों के लिए जीवन बदलने वाली है। अब दिल्ली, मुंबई या वेल्लोर जाने की मजबूरी लगभग खत्म हो जाएगी। बोन मैरो ट्रांसप्लांट, उन्नत कीमोथेरेपी, विशेष बच्चों के कैंसर उपचार और आधुनिक आईसीयू जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं अब घर के करीब उपलब्ध होंगी। पूर्वोत्तर में सबसे ज्यादा बोझ वाले ब्लड कैंसर, ल्यूकेमिया और लिम्फोमा से जूझ रहे मरीजों के लिए यह यूनिट एक नई उम्मीद और राहत का प्रतीक बनकर उभर रही है।

प्रधानमंत्री डिवेलपमेंट इनिशिएटिव फॉर नॉर्थ ईस्ट (पीएम‑डिवाइन) योजना के तहत पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के सहयोग से विकसित हो रही इस परियोजना का काम अब अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति 78.90 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और फिनिशिंग का कार्य जारी है। परियोजना के लिए कार्यादेश 31 मई 2023 को जारी किया गया था। जून तक 33.91 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी थी। संस्थान प्रबंधन का लक्ष्य है कि यह सुविधा तय समयसीमा के भीतर मरीजों के लिए उपलब्ध करा दी जाए।

   

सम्बंधित खबर